‘पाकिस्तान के साथ लगती सीमा पर’ भारत अपना एंटी ड्रोन सिस्टम अधिक मजबूत करे!

Edited By Updated: 10 Jul, 2026 03:32 AM

india should strengthen its anti drone  on the border with pakistan

अस्तित्व में आने के समय से ही पाकिस्तान के शासकों ने अपना भारत विरोधी एजैंडा जारी रखा हुआ है तथा भारत में ड्रग्स और हथियार भेजने के लिए पाकिस्तान के शासक नए-नए तरीके अपना रहे हैं।

अस्तित्व में आने के समय से ही पाकिस्तान के शासकों ने अपना भारत विरोधी एजैंडा जारी रखा हुआ है तथा भारत में ड्रग्स और हथियार भेजने के लिए पाकिस्तान के शासक नए-नए तरीके अपना रहे हैं। भारतीय सुरक्षा एजैंसियों के अनुसार पाकिस्तान के तस्कर अब लाइव वीडियो फीड और सैटेलाइट तकनीक से लैस अत्याधुनिक ड्रोन्स का इस्तेमाल कर रहे हैं और इन्हें ट्रैक करना कठिन हो रहा है। ये ड्रोन भारतीय सीमा के काफी अंदर तक घुसकर हथियार और ड्रग्स गिरा रहे हैं। जांच एजैंसियों के अनुसार यह सीमा की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती है। गत वर्ष सीमा सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान द्वारा भारतीय सीमा में भेजे गए  272 ड्रोन मार गिराए। इन ड्रोन्स के जरिए भेजी गई 367 किलो से अधिक हैरोइन व बड़ी संख्या में हथियार भी बरामद किए गए और यह सिलसिला 2026 में भी जारी है जिसकी पिछले 2 महीनों की चंद घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :

* 7 मई को राजस्थान पुलिस ने केंद्रीय एजैंसियों के साथ मिल कर चलाए विशेष अभियान में श्रीगंगानगर से पंजाब के फाजिल्का से संबंध रखने वाले 2 तस्करों को हथियारों और 10 करोड़ रुपए मूल्य की ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। ये हथियार और ड्रग्स पाकिस्तान के तस्करों द्वारा जी.पी.एस. से आप्रेट होने वाले ड्रोन्स द्वारा भारत भेजे गए थे।
* 24 मई को पंजाब पुलिस ने फिरोजपुर में गिरफ्तार किए गए 4 तस्करों के पास से ऐसा ही एक ड्रोन जब्त करने के अलावा उनसे 19.5 लाख रुपए ड्रग मनी तथा 28.12 किलो हैरोइन जब्त की। 
* 20 जून को बी.एस.एफ. ने अजनाला (पंजाब) सैक्टर में पाकिस्तान द्वारा ड्रोन से भेजी गई 1 ए.के. राइफल, 25 पिस्तौल, पिस्तौल के 47 मैगजीन  और बुलेट प्रूफ जैकेट बरामद किए। पुलिस ने इस सिलसिले में अजनाला सैक्टर के ‘हरारखान’ से एक भारतीय तस्कर को भी गिरफ्तार किया।

* 25 जून को ‘तरनतारन’ (पंजाब) में बी.एस.एफ. ने गांव ‘डल्ल’ के खेतों से एक पाकिस्तानी ड्रोन तथा 485 ग्राम हैरोइन बरामद की। 
* 27 जून को ‘श्रीगंगानगर’ (राजस्थान) में भारत-पाकिस्तान सीमा पर पुलिस ने ‘ऑपरेशन सीमा संकल्प’ के अंतर्गत एक महिला सहित 3 तस्करों को गिरफ्तार करके पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा भेजी गई अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 52 करोड़ रुपए मूल्य की 10 किलो 419 ग्राम हैरोइन जब्त की।
* 28 जून को थाना ‘अजनाला’ (पंजाब) की पुलिस ने एक हथियार तस्कर गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार करके उनसे ड्रोन द्वारा भेजे गए 3 विदेशी पिस्तौल, 3 मैगजीन और 15 कारतूस बरामद किए।
* 1 जुलाई को ‘अमृतसर’ में पुलिस ने ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से आए हथियारों की सप्लाई करने वाले 2 आरोपियों को दबोच कर उनसे 7 विदेशी पिस्तौल, 7 मैगजीन और 40 कारतूस बरामद किए। इस मामले में एक नशा मुक्ति केंद्र के संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है।

* 4 जुलाई को बी.एस.एफ. अमृतसर की टीम ने गांव ‘नेष्टा’ के इलाके में ड्रोन द्वारा फैंकी गई 60 करोड़ रुपए मूल्य की हैरोइन बरामद की।
पंजाब और राजस्थान सीमा पर सामने आए तस्करी के इन मामलों से स्पष्ट है कि पाकिस्तान के शासक अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आने वाले और अपनी घरेलू समस्याओं की ओर से आंखें मूंदे भारत के साथ शांति और सौहार्द का माहौल बनाने की बजाय दोनों देशों के बीच नफरत फैलाने में लगे हुए हैं। इसे देखते हुए भारत की सुरक्षा एजैंसियों को ज्यादा मुस्तैद होकर सीमा पर एंटी ड्रोन सिस्टम मजबूत करके तस्करी के मामलों पर काबू पाना होगा। ऐसे प्रयासों से ही हम देश की युवा पीढ़ी को नशों की लानत व अवैध हथियारों के खतरे से की जाने वाली ङ्क्षहसा से मुक्त करने में कुछ हद तक सफल हो सकते हैं।—विजय कुमार

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!