‘पाक द्वारा जम्मू-कश्मीर में हिंसा’‘व पंजाब में नशे भेजना जारी’

Edited By Updated: 06 Feb, 2026 03:44 AM

violence in jammu and kashmir by pakistan

‘संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद’ में 27 जनवरी, 2026 को भारत के स्थायी प्रतिनिधि ‘पर्वतनेनी हरीश’ ने कहा है कि ‘‘पाकिस्तान सरकार आतंकवाद को सरकारी नीति के हथियार के रूप में (भारत के विरुद्ध) लगातार इस्तेमाल कर रही है।’’ इसी के अनुरूप पाकिस्तान ने...

‘संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद’ में 27 जनवरी, 2026 को भारत के स्थायी प्रतिनिधि ‘पर्वतनेनी हरीश’ ने कहा है कि ‘‘पाकिस्तान सरकार आतंकवाद को सरकारी नीति के हथियार के रूप में (भारत के विरुद्ध) लगातार इस्तेमाल कर रही है।’’  इसी के अनुरूप पाकिस्तान ने लगातार जम्मू-कश्मीर में हिंसा फैलाना तथा पंजाब में ड्रोनों के जरिए नशे और तबाही का सामान भेजना जारी रखा हुआ है।

गत वर्ष 1 जनवरी से 1 दिसम्बर, 2025 के बीच बी.एस.एफ. ने पाकिस्तान से आए  272 ड्रोन जब्त करके 367 किलो हैरोइन, 10 किलो से अधिक आर.डी.एक्स. व तबाही का अन्य सामान जब्त किया और इस वर्ष भी यह क्रम जारी है जिसकी पिछले मात्र 3 सप्ताह की घटनाएं निम्न  में दर्ज हैंं :

* 15 जनवरी, 2026 को ‘अमृतसर’ (पंजाब) में काऊंटर इंटैलीजैंस विंग ने एक नशा तस्करी माड्यूल का भंडाफोड़ करके 4 लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 40 किलो हैरोइन बरामद की। 
* 27 जनवरी को ‘अमृतसर’ कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तानी ‘नार्को-आम्र्स तस्करी माड्यूल’ के 4 सदस्यों को गिरफ्तार करके ड्रोन द्वारा सीमा पार से भेजी गई 1.5 किलो हैरोइन, 1.98 लाख रुपए की ड्रग मनी, 9 एम.एम. तथा .30 बोर की 2 पिस्तौलों के अलावा पाकिस्तान की हथियार फैक्टरी में बने हुए 34 जिंदा कारतूस बरामद किए। 

* 28 जनवरी को ‘अमृतसर’ में ‘पंजाब पुलिस’ ने ‘पाक नार्को आतंकवाद नैटवर्क’ से जुड़े 2 तस्करों को गिरफ्तार करके ड्रोन द्वारा आई 42.9 किलो हैरोइन, 4 हैंड ग्रेनेड, 1 विदेशी पिस्तौल व 46 कारतूस बरामद किए। 
* 29 जनवरी को ‘अमृतसर देहाती पुलिस’ ने 1 नाबालिग सहित गिरफ्तार 2 तस्करों से ड्रोन द्वारा भेजी गई साढ़े 51 किलो हैरोइन बरामद की। 
* 2 फरवरी को बी.एस.एफ. ने ‘ममदोट’ (फिरोजपुर) में हैरोइन की डिलीवरी देकर पाकिस्तान लौटते समय तकनीकी खराबी के कारण ‘चक्क सरकार’ जंगल में गिरा हुआ ड्रोन जब्त किया।  
* 3 फरवरी को ‘फिरोजपुर’ (पंजाब) पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार करके उससे ड्रोन द्वारा भेजी गई 5.507 ग्राम हैरोइन बरामद की। 

* 3 फरवरी को ही बी.एस.एफ. तथा पंजाब पुलिस की संयुक्त टीमों ने पाकिस्तान की ओर से ‘अमृतसर’ के गांव ‘टांडा’ के इलाके में ड्रोन द्वारा फैंकी गई 10 करोड़ रुपए मूल्य की हैरोइन के साथ एक तस्कर को पकड़ा।
* 3 फरवरी को ही ‘अमृतसर’ में सी.आई.ए. स्टाफ ने गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार करके सीमा पार से ड्रोन द्वारा भेजे गए ‘इटली’, ‘तुर्की’ तथा ‘आस्ट्रिया’ में बने 7 विदेशी पिस्तौल और 7 मैगजीन बरामद किए। 
* 4 फरवरी को ‘जगराओं’ में ड्रोन द्वारा मंगवाई 3 किलो 34 ग्राम हैरोइन, मैगजीन सहित .32 बोर पिस्तौल और 2 कारतूसों सहित 4 आरोपियों को पुलिस जिला लुधियाना ग्रामीण के सी.आई.ए. स्टाफ ने गिरफ्तार किया।
* और अब 4 फरवरी को ही ‘तरनतारन’ (पंजाब) में पुलिस तथा बी.एस.एफ. की संयुक्त कार्रवाई में सीमा चौकी ‘कालियां’ के निकट ड्रोन द्वारा खेतों में फैंकी गई 3.925 किलो हैरोइन के अलावा इसे भेजने के लिए पाक तस्करों द्वारा इस्तेमाल किया गया ड्रोन भी बरामद किया गया।

उल्लेखनीय है कि सुरक्षा बलों को चकमा देने के लिए नशा तस्करों ने गरीब परिवारों के नाबालिगों को इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है और पिछले 11 महीनों में अकेले अमृतसर में ही नाबालिगों के पास से 80 किलो हैरोइन बरामद की जा चुकी है। इस पृष्ठभूमि में पाकिस्तान की सीमा पर तुरंत एंटी ड्रोन प्रणाली विकसित किए जाने की जरूरत है ताकि ड्रोन भारतीय सीमा में प्रवेश करने से पहले ही धराशायी किए जा सकें। इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस के नाकों की संख्या बढ़ाने के अलावा पाकिस्तान से ड्रोनों के जरिए भेजे जाने वाले नशों तथा हथियारों आदि को ठिकाने लगाने वालों की पहचान और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की तुरंत जरूरत है।—विजय कुमार 

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!