माकपा नेता की हत्या मामले में RSS-BJP के 3 कार्यकर्ताओं को उम्रकैद, 5-5 लाख का जुर्माना भी लगा

Edited By Updated: 25 Nov, 2026 01:57 PM

three rss bjp workers sentenced to life imprisonment in murder case of cpim lead

अदालत ने मामले के 16 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया था। तीनों दोषियों को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई और उन पर पांच-पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

कन्नूर: केरलम के उत्तरी जिले कन्नूर में 2016 में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ता सी वी धनराज की हत्या के मामले में एक अदालत ने बुधवार को भाजपा-आरएसएस के तीन कार्यकर्ताओं को आजीवन कारावास की सजा सुनाई और उन पर पांच-पांच लाख रुपए का जुर्माना लगाया। 

तलिपरम्बा के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के एन प्रशांत ने 23 नवंबर को टी पी बीजू (34), एम विपिन (34) और एम वैशाख (31) को हत्या का दोषी ठहराया था। तीनों भाई हैं। अदालत ने मामले के 16 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया था। तीनों दोषियों को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई और उन पर पांच-पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अदालत ने जुर्माने की कुल 15 लाख रुपए की राशि धनराज के परिवार, विशेष रूप से उनकी पत्नी और मां को देने का निर्देश दिया। अदालत ने आईपीसी की धारा 447, 323 और 506 (2) समेत अन्य विभिन्न धाराओं के तहत भी प्रत्येक दोषी को कुल पांच साल और चार महीने के कारावास की सजा सुनाई। 

विशेष लोक अभियोजक सी के श्रीधरन ने कहा कि दोषियों की आजीवन कारावास की सजा अन्य धाराओं के तहत सुनाई गई सजा पूरी होने के बाद ही शुरू होगी। जुर्माना अदा नहीं करने पर उन्हें अतिरिक्त कारावास भी भुगतना होगा। श्रीधरन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अभियोजन पक्ष सजा से संतुष्ट है, लेकिन वह 16 आरोपियों को बरी किए जाने के खिलाफ अपील करेगा, विशेष रूप से उन लोगों के संबंध में जिन पर कथित तौर पर साजिश में शामिल होने का आरोप था। अदालत ने इस मामले को मृत्युदंड दिए जाने योग्य 'दुर्लभ से दुर्लभतम' मामलों की श्रेणी में नहीं माना। 

हालांकि, अदालत ने कहा कि हत्या सुनियोजित और जानबूझकर की गई थी, भले ही अभियोजन पक्ष आईपीसी की धारा 120बी के तहत आपराधिक साजिश का आरोप साबित नहीं कर सका। अदालत ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को धनराज के परिवार की आर्थिक स्थिति का आकलन करने और उन्हें अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में निर्णय लेने का भी निर्देश दिया। विशेष लोक अभियोजक ने कहा कि 147 पृष्ठों के फैसले में विस्तृत निष्कर्षों के साथ उच्चतम न्यायालय और केरल उच्च न्यायालय के विभिन्न निर्णयों का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियोजन पक्ष आगे की कानूनी कार्रवाई पर निर्णय लेने से पहले फैसले का अध्ययन करेगा। 

एझिमाला में माकपा के शाखा सचिव धनराज की 11 जुलाई 2016 को पय्यन्नूर के पास रामंथली में घर लौटते समय धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, हमलावरों के एक समूह ने मोटरसाइकिलों से उनका पीछा किया और उनके घर के पास उनकी मां और पत्नी के सामने उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भाजपा-आरएसएस के कुल 20 कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया था। हालांकि, केवल 19 आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई पूरी हुई, क्योंकि मामले के 12वें आरोपी सी बीजू की बाद में हत्या कर दी गई थी। 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!