महिला आरक्षण बिल पर संसद में हलचल तेज, PM मोदी बोले- हमारे लिए राष्ट्रीय हित सर्वोपरि

Edited By Updated: 29 Nov, 2026 04:55 PM

pm modi says for us national interest is paramount

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए बुलाई गई संसद की विशेष बैठक से एक दिन पहले रविवार को 'नारी शक्ति' को सशक्त बनाने के भाजपा और राजग के संकल्प की याद दिलाई तथा रेखांकित किया कि उनके लिए...

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए बुलाई गई संसद की विशेष बैठक से एक दिन पहले रविवार को 'नारी शक्ति' को सशक्त बनाने के भाजपा और राजग के संकल्प की याद दिलाई तथा रेखांकित किया कि उनके लिए राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है।

प्रधानमंत्री ने रविवार को अपने सोशल मीडिया मंच से एक वीडियो संदेश की क्लिप साझा की जो उन्होंने इस साल अप्रैल में संवैधानिक संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित नहीं हो पाने के बाद दिया था। मोदी ने वीडियो में कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने वाला 'नारी शक्ति वंदन' संशोधन विधेयक समय की मांग है।

उन्होंने कहा कि जब कुछ लोगों के लिए पार्टी का हित ही सब कुछ बन जाता है, यहां तक कि राष्ट्रीय हित से भी बड़ा हो जाता है, तो 'नारी शक्ति' और राष्ट्रीय हित को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है। मोदी ने कहा, ''हमारी आंतरिक शक्ति अजेय है। आधी आबादी के सपनों और देश के भविष्य के लिए, हमें इस संकल्प को पूरा करना होगा।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि 'नारी शक्ति' के सशक्तिकरण के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)का संकल्प अडिग है, 'हमारे लिए राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है'।'' 

उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है और वे खुद भी कई वर्षों से इस दिशा में काम करने वालों में से एक रहे हैं। परिसीमन के जरिए महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने की कोशिश को एकजुट विपक्ष द्वारा विफल किये जाने के सात महीने बाद, मोदी सरकार सोमवार को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है। इस विधेयक में लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए आवंटित मौजूदा सीट की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि करने का प्रस्ताव है।

सरकार को भरोसा है कि बदले सियासी समीकरण में वह विधेयक पारित करा लेगी। अप्रैल के बाद तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) में टूट हुई है जबकि पिछली बार विरोध में मतदान करने वाली द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के भी इस मुद्दे पर सत्ता के साथ आने की उम्मीद है। 
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!