हमारे बच्चों को अभी और कितनी प्रदूषित सर्दियां झेलनी होंगी?

Edited By Updated: 16 Nov, 2026 01:48 AM

how many more polluted winters will our children have to endure

एक राष्ट्रीय राजधानी के बारे में यह बात बेहद शर्मनाक है, जहां सांस लेना भी स्वास्थ्य के लिए खतरा बन गया है। हर सर्दी में, दिल्ली जहरीली हवा की चादर के नीचे गायब हो जाती है। आंखें जलती हैं, गले में दर्द होता है, लोग खांसते हैं, बुजुर्ग सांस लेने के...

एक राष्ट्रीय राजधानी के बारे में यह बात बेहद शर्मनाक है, जहां सांस लेना भी स्वास्थ्य के लिए खतरा बन गया है। हर सर्दी में, दिल्ली जहरीली हवा की चादर के नीचे गायब हो जाती है। आंखें जलती हैं, गले में दर्द होता है, लोग खांसते हैं, बुजुर्ग सांस लेने के लिए संघर्ष करते हैं और माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर ङ्क्षचतित रहते हैं। अस्पतालों में सांस की शिकायत वाले मरीज आते हैं, फिर भी ऐसा लगता है कि हमने इसे दिल्ली में रहने के एक अनिवार्य हिस्से के रूप में स्वीकार कर लिया है। हम उस मुकाम पर कैसे पहुंच गए हैं, जहां हमने जहर में सांस लेने को सामान्य मान लिया है? हम किसी ऐसी चीज के प्रति इतने उदासीन कैसे हो गए हैं, जो हमारे जीवन के लिए ही खतरा है? हम धुंध (स्मॉग) के बारे में शिकायत करते हैं, अपनी खिड़कियां बंद करते हैं, एयर प्यूरीफायर चालू करते हैं और अपने जीवन में आगे बढ़ जाते हैं। लेकिन गुस्सा कहां है? यह सामूहिक सार्वजनिक मांग कहां है कि इसके लिए किसी न किसी को जवाब देना होगा? 

अब हमें अपने फेफड़ों को बर्बाद करने के लिए सिगरेट पीने की भी जरूरत नहीं है। हवा हमारे लिए यह काम कर रही है। एक पल के लिए इस बारे में सोचें। जिन लोगों ने अपने जीवन में कभी धूम्रपान नहीं किया, वे हर एक दिन जहरीले प्रदूषकों के संपर्क में आ रहे हैं। डॉक्टर लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने के परिणामों की चेतावनी देते हैं। सांस की बीमारी, फेफड़ों की कार्यक्षमता में कमी और मौजूदा स्वास्थ्य स्थितियों का बिगडऩा काल्पनिक डर नहीं है। यह हमारे ठीक सामने घटित हो रहा एक सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट है। यह देखना शर्मनाक है कि छोटे बच्चे स्कूल में सांस लेने के लिए इन्हेलर का सहारा ले रहे हैं। वे सिरदर्द और सीने में जलन की शिकायत करते हैं। अस्थमा फैल रहा है। जिन बच्चों को पार्कों में दौडऩा चाहिए, बाहर खेलना चाहिए, साइकिल चलाना चाहिए, हंसना चाहिए और अपने बचपन का आनंद लेना चाहिए, उन्हें घर के अंदर रहने के लिए कहा जा रहा है क्योंकि बाहर की हवा असुरक्षित है। उनके सामने उनका पूरा जीवन पड़ा है, फिर भी उन्हें एक ऐसे वातावरण में सांस लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जो आने वाले वर्षों तक उनके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है।

एक समाज अपने बच्चों के साथ इससे बड़ा और क्या अन्याय कर सकता है? और फिर दीवाली आई। जब दिल्ली पहले से ही खतरनाक प्रदूषण स्तर से जूझ रही थी, तब पटाखों के लिए किसी भी तरह की छूट क्यों दी गई? कोई भी लोगों से दीवाली छोडऩे या अपनी परंपराओं को भूलने के लिए नहीं कह रहा लेकिन निश्चित रूप से जश्न मनाने का हमारा अधिकार किसी दूसरे व्यक्ति के सांस लेने के अधिकार पर हावी नहीं हो सकता। रोशनी का त्यौहार मनाने का क्या फायदा, यदि हम अपने बच्चों के फेफड़ों में अंधेरा छोड़ रहे हैं? राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का खेल शायद इस पूरी त्रासदी का सबसे थका देने वाला हिस्सा है। एक सरकार दूसरी को दोष देती है। दिल्ली पड़ोसी राज्यों की ओर इशारा करती है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश आरोपों के इस परिचित आदान-प्रदान का हिस्सा बन जाते हैं। पराली जलाने को दोष दिया जाता है, फिर वाहनों, निर्माण की धूल, उद्योगों और मौसम को। हां, ये सभी योगदान देने वाले कारक हैं लेकिन क्या हम यह बात वर्षों से नहीं जानते? क्या अब भी इस बात में कोई रहस्य बचा है कि हमारी हवा को क्या प्रदूषित कर रहा है?

बस बहुत हुआ! किसी को तो जिम्मेदारी लेनी होगी। किसी को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पड़ोसी क्षेत्रों को एक साथ लाना होगा और इस गंदगी को साफ करने का गंभीर काम शुरू करना होगा। हमें राजनीतिक भाषणों की नहीं, बल्कि समन्वित कार्रवाई की आवश्यकता है। हमें बहानों की नहीं, समय-सीमा की आवश्यकता है। हमें घोषणाओं की नहीं, बल्कि सख्ती से लागू करने (प्रवर्तन) की आवश्यकता है। हमें ऐसी सरकारों की आवश्यकता है जो अपने राजनीतिक मतभेदों की परवाह किए बिना मिलकर काम करें। सत्ता में बैठी सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी होगी। वह केवल पिछली सरकार, पड़ोसी राज्यों या प्रतिकूल मौसम को दोष नहीं दे सकती। और हमारा क्या? हमें, यानी नागरिकों को भी मूकदर्शक बनना बंद करना होगा। हम सार्वजनिक उदासीनता को एक सामान्य नियम बनने देते हुए केवल निजी तौर पर शिकायत करते नहीं रह सकते। हमें पारदर्शी प्रदूषण डाटा, नियमित सार्वजनिक रिपोॄटग, उल्लंघनों के लिए जवाबदेही और साल भर चलने वाली कार्ययोजना की मांग करनी चाहिए। 

मैं एक बहुत ही सरल सवाल पूछना चाहती हूं-इससे पहले कि यह देश स्वच्छ हवा को एक आपातकाल के रूप में ले, हमारे बच्चों को अभी और कितनी प्रदूषित सॢदयां झेलनी होंगी? अभी और कितने लोग बीमार पड़ेंगे? जानबूझकर लाखों लोगों को ऐसे वातावरण में रहने देना, जो उनके स्वास्थ्य के लिए खतरा है, नैतिक रूप से अक्षम्य है और इसके परिणाम लगभग आपराधिक हैं। जहां भी नियम तोड़े गए हैं, वहां कानूनी जिम्मेदारी की जांच होनी चाहिए। लेकिन जब वही संकट साल-दर-साल लौटता है, तो नेतृत्व की विफलता को पहचानने के लिए किसी जांच की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।

हम अपने बच्चों के लिए यह विरासत नहीं छोड़ सकते। वे स्वच्छ हवा, सुरक्षित स्कूलों, खेल के खुले मैदानों और अपने स्वास्थ्य को जोखिम में डाले बिना बाहर कदम रखने की सरल स्वतंत्रता के हकदार हैं। एक ऐसे देश से, जो अपने भविष्य और अपनी युवा आबादी के बारे में इतने गर्व से बात करता है, यह मांगना बहुत अधिक नहीं होना चाहिए।-देवी एम. चेरियन
 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!