इंडिया गठबंधन को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का सहारा

Edited By Updated: 28 Nov, 2026 04:05 AM

india coalition backs  save vote save country  campaign

दिल्ली में रामलीला मैदान रैली के बाद, इंडिया ब्लॉक अपने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को भाजपा शासित राज्यों में ले जाने और मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एस.आई.आर.) के विरोध में अगले महीने भोपाल और अहमदाबाद में तथा जनवरी में कोलकाता में रैलियां...

दिल्ली में रामलीला मैदान रैली के बाद, इंडिया ब्लॉक अपने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को भाजपा शासित राज्यों में ले जाने और मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एस.आई.आर.) के विरोध में अगले महीने भोपाल और अहमदाबाद में तथा जनवरी में कोलकाता में रैलियां आयोजित करने की योजना बना रहा है। भोपाल रैली 12 दिसम्बर के लिए निर्धारित है जबकि अहमदाबाद वाली 19 दिसम्बर को आयोजित की जाएगी। कोलकाता में रैली 15 जनवरी, 2027 को होने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले वाराणसी में भी इसी तरह के कार्यक्रम की योजना बनाई जा रही है लेकिन अभी तक कोई तारीख तय नहीं की गई, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सीट-बंटवारे की बातचीत में उलझे हुए हैं। 

इस बीच, गुरुवार को लखनऊ रैली में, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘वोट चोरी’ के माध्यम से लोगों को मताधिकार से वंचित करने के संदर्भ में भाजपा पर आरोप लगाया और दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘ज्ञानेश’ गठबंधन उनसे उनके वोटिंग अधिकार छीन रहा है, जो कि स्पष्ट रूप से सी.ई.सी. कुमार की ओर इशारा था। खरगे ने भाजपा पर डिलीट किए गए वोटों को लेकर चिंताओं को चुनिंदा रूप से लक्षित करने का आरोप लगाया और कहा कि इससे सबसे ज्यादा प्रभावित लोग दलित, अत्यंत पिछड़े वर्ग और अन्य हाशिए पर रहने वाले समुदाय थे।

सपा का ‘पी.डी.ए. का प्रण पत्र’ : सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा वरिष्ठ पार्टी नेताओं की उपस्थिति में ‘जन-मन घोषणापत्र 2027’, जिसे ‘पी.डी.ए. का प्रण पत्र’ शीर्षक दिया गया है, जारी किया गया। घोषणापत्र में उत्तर प्रदेश में रोजगार, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, श्रमिकों, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के प्रस्तावों पर जोर दिया गया है और 5 वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियों और 2 से 3 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, वृद्ध महिलाओं के लिए 40,000 रुपए की वार्षिक पैंशन और सरकार बनने के 3 महीने के भीतर किसानों के बकाया बिजली बिलों को 100 प्रतिशत माफ करने, कृषि सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और 300 यूनिट तक मुफ्त घरेलू बिजली का वादा किया गया है। कक्षा XII पूरी करने वाले छात्रों को मुफ्त लैपटॉप वितरित किए जाएंगे, अखिलेश ने घोषणा की, जो सपा के 2012-2017 के कार्यकाल के दौरान उनकी सरकार की एक लोकप्रिय योजना पर आधारित है। 

उन्होंने कहा, ‘‘पी.डी.ए. (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) महिलाओं और गरीबों के लिए समाजवादी कैंटीन खोली जाएगी, जहां 5 रुपए में भोजन उपलब्ध होगा।’’ इस बीच, कांग्रेस ने सहयोगी सपा द्वारा अलग घोषणापत्र जारी करने पर अपना असंतोष व्यक्त किया। यू.पी. में कांग्रेस मामलों के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सपा के कदम पर निराशा जताई और तर्क दिया कि कांग्रेस और सपा के बीच चल रही सीट-बंटवारे की चर्चा के बीच घोषणापत्र जारी करने की क्या जल्दी थी।

सपा-कांग्रेस में बढ़ती दरार : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तर प्रदेश में सीट-बंटवारे को लेकर इमरान मसूद द्वारा समाजवादी पार्टी पर किए गए आक्रामक हमले पर चुप्पी तोड़ी। लखनऊ में एक कार्यक्रम में बोलते हुए, खरगे ने मसूद को ‘शब्दों की बजाय कार्रवाई पर ध्यान केंद्रित करने’ की सलाह दी, क्योंकि सहारनपुर सांसद द्वारा सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) के खिलाफ अत्यधिक तीखी टिप्पणियों ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले सीट-बंटवारे की बातचीत पर तनाव बढ़ा दिया है। दोनों इंडिया ब्लॉक सहयोगियों को अभी एक समझौते पर पहुंचना बाकी है और कांग्रेस सपा द्वारा 26 निर्वाचन क्षेत्रों की शुरुआती पेशकश से नाखुश है। अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पार्टी द्वारा बातचीत के दौरान ही अपने 5 उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित करने के बाद दरार और चौड़ी हो गई, विशेष रूप से इसलिए, क्योंकि सपा ने बेहट और सहारनपुर के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए, जो मसूद के सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के 2 निर्वाचन क्षेत्र हैं, जिन पर कांग्रेस की भी नजर थी।

आजाद-ओवैसी का वादा : असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने घोषणा की है कि यदि उनका गठबंधन उत्तर प्रदेश में सत्ता में आता है तो एक मुस्लिम को उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया जाएगा। लखनऊ में एक राजनीतिक सभा को संबोधित करते हुए, ए.आई.एम.आई.एम. प्रमुख और आजाद समाज पार्टी के नेता ने एक घोषणा भी की, जिसके माध्यम से उन्होंने वादा किया कि पिछड़ा वर्ग से एक और उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया जाएगा। ओवैसी ने लगातार समाजवादी पार्टी के नेतृत्व को निशाना बनाया और उस पर जाति-आधारित राजनीति करने और समुदाय के लिए पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किए बिना मुस्लिम वोट मांगने का आरोप लगाया है। डा. बी.आर. आंबेडकर का हवाला देते हुए, उन्होंने कहा कि संविधान ने स्वतंत्रता, बंधुत्व, न्याय और समानता की गारंटी दी है। उन्होंने आर.एस.एस. और संघ परिवार पर इन सिद्धांतों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। रैली का समापन गठबंधन के रोजगार-केंद्रित नारे के साथ हुआ-‘यू.पी. मांगे रोजगार, नहीं चाहिए जुमले वाली सरकार।’-राहिल नोरा चोपड़ा

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!