परिसीमन पर मनोवैज्ञानिक राजनीति

Edited By Updated: 25 Nov, 2026 03:33 AM

psychological politics on delimitation

संसद का शीतकालीन सत्र दिसम्बर के पहले सप्ताह से शुरू होने की खबर भी सूत्रों के हवाले से मीडिया में आ गई लेकिन मानसून सत्र का सत्रावसान अभी तक नहीं किया गया है। बेशक इसमें असंवैधानिक कुछ भी नहीं, पर यह सामान्य भी नहीं है। ऐसा पहली बार हुआ है कि...

संसद का शीतकालीन सत्र दिसम्बर के पहले सप्ताह से शुरू होने की खबर भी सूत्रों के हवाले से मीडिया में आ गई लेकिन मानसून सत्र का सत्रावसान अभी तक नहीं किया गया है। बेशक इसमें असंवैधानिक कुछ भी नहीं, पर यह सामान्य भी नहीं है। ऐसा पहली बार हुआ है कि कार्रवाई अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के 3 महीने बाद भी संसद सत्र का सत्रावसान नहीं हुआ। नीट पेपर लीक मुद्दे पर जंतर-मंतर आंदोलन और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे आदि घटनाक्रम पर हंगामे की भेंट चढ़ गए संसद के मानसून सत्र की कार्रवाई 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। 

सदन में ऐसी ही घोषणा की जाती है, पर कुछ दिन में ही सत्रावसान की खबर भी आ जाती है। लेकिन मानसून सत्र के सत्रावसान की खबर आज तक नहीं आई। हां, बीच-बीच में परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए मानसून सत्र पुन: शुरू करने या विशेष सत्र आहूत करने की खबरें अवश्य सूत्रों के हवाले से आती रहीं। इन खबरों में दावा भी किया जाता रहा कि सरकार ने परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत का जुगाड़ संसद के दोनों सदनों में कर लिया है। 

ध्यान रहे कि इसी साल बजट सत्र में 17 अप्रैल को सरकार का परिसीमन विधेयक लोकसभा में 298 के मुकाबले 352 मतों से गिर गया था। असम में सत्ता की हैट्रिक, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी से सत्ता छीन लेने तथा उनकी तृणमूल कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना में विभाजन से भाजपा के बुलंद हौसलों के चलते माना जा रहा था कि सरकार मानसून सत्र में ही दो-तिहाई बहुमत का जुगाड़ कर परिसीमन विधेयक पारित करवाते हुए विपक्ष को पूरी तरह पस्त कर देगी लेकिन नीट पेपर लीक मामले में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन और अंतत: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से सारा राजनीतिक परिदृश्य बदल गया।

एस.आई.आर. प्रक्रिया को ले कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से दो अन्य चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की असहमति के मीडिया में खुलासे से भी सरकार के लिए असहज स्थितियां बन गईं लेकिन सत्रावसान न होने से विपक्ष पर भी एक मनोवैज्ञानिक दबाव बना रहा।  दरअसल अनिश्चिकाल के लिए स्थगित कार्रवाई वाले मानसून सत्र का विस्तार 2 दिन के शॉर्ट नोटिस पर सदन के अध्यक्ष भी कर सकते हैं, जबकि नया सत्र 14 दिन के नोटिस पर राष्ट्रपति ही बुला सकते हैं। संविधान के अनुच्छेद 85 के मुताबिक संसद के 2 सत्रों के बीच 6 महीने से अधिक का अंतराल नहीं होना चाहिए लेकिन नया सत्र आहूत करने से पहले पिछले सत्र के सत्रावसान की बाध्यता पर कोई स्पष्टता नहीं है।

इससे पहले मानसून सत्र के सत्रावसान में विलंब का रिकॉर्ड 87 दिनों का था, जब जुलाई, 2008 में भारत-अमरीकी परमाणु संधि और उस पर अविश्वास प्रस्ताव के मद्देनजर 2 दिन के लिए सदन की विशेष बैठक आहूत की गई थी। मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में पहली बार उसका कोई विधेयक गिरा था, इसलिए वह आराम से तो नहीं बैठेगी, लेकिन विधेयक पारित कराने के लिए संसद के दोनों ही सदनों में दो-तिहाई बहुमत चाहिए, जो उसके पास नहीं है। बेशक विधेयक का विरोध कर रहे, खासकर दक्षिण भारतीय और क्षेत्रीय दलों को मनाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों में लोकसभा की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव भी दिया था, ताकि अनुपात यथावत बना रहे लेकिन वह प्रस्ताव विधेयक का हिस्सा नहीं था। उसे विधेयक में शामिल करने के लिए शाह ने 1 घंटे का समय भी मांगा, पर बात बनी नहीं और विधेयक गिर गया। बेशक तृणमूल कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना में विभाजन से भाजपानीत राजग का संख्या बल बेहतर हुआ है लेकिन अभी भी दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े से पीछे है।

द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टालिन जनगणना आधारित परिसीमन के विरोध में दक्षिण भारतीय राज्यों को गोलबंद कर रहे थे। तमिलनाडु की सत्ता से बेदखल द्रमुक अब जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से भी बाहर आ गई है, भाजपा को उससे समर्थन की उम्मीद है, पर उसके बाद भी दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा कुछ दूर नजर आता है। वह आंकड़ा पाने के लिए मोदी सरकार दो मोर्चों पर काम कर रही है। पहला, एन.सी.पी. के दोनों गुट एक हो कर अथवा अलग रहते हुए ही विधेयक का समर्थन करें।

दूसरा, उसके बाद भी बहुमत में कमी रहे तो कुछ छोटे दल मतदान से अनुपस्थित हो जाएं, ताकि सदन की प्रभावी संख्या में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा थोड़ा और नीचे आ जाए। कहना मुश्किल है कि बहुमत के प्रति आश्वस्त होने पर परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए मोदी सरकार मानसून सत्र का विस्तार करना पसंद करेगी या फिर शीतकालीन सत्र बुलाना। हां, राजनीतिक समझ का तकाजा है कि मोदी सरकार और भाजपा परिसीमन विधेयक के मास्टर स्ट्रोक से अगले साल के शुरू में होने वाले 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले ही राजनीतिक विमर्श और माहौल बदलना चाहेगी, जहां वह फिर से आक्रामक दिखे और विपक्ष रक्षात्मक।-राज कुमार सिंह
 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!