Edited By Isha,Updated: 01 Dec, 2018 03:33 PM
अगर आप अक्सर हवाई यात्रा करते रहते हैं तो आपकी जेब पर पड़ने वाला बोझ घटने वाला है। आने वाले दिनों में हवाई सफर के टिकटों के दामों में कटौती हो सकती है। दरअसल, तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू विमान सेवा कंपनियों के लिए 01...
नई दिल्लीः अगर आप अक्सर हवाई यात्रा करते रहते हैं तो आपकी जेब पर पड़ने वाला बोझ घटने वाला है। आने वाले दिनों में हवाई सफर के टिकटों के दामों में कटौती हो सकती है। दरअसल, तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू विमान सेवा कंपनियों के लिए 01 दिसंबर से विमान ईंधन की कीमत में 10 से 11 प्रतिशत तक की कटौती की है, जिससे वित्तीय संकट से जूझ रहे विमानन क्षेत्र को काफी राहत मिलेगी।
नवंबर में उच्चतम स्तर पर पहुंचा था विमान ईंधन
उल्लेखनीय है कि विमान सेवा कंपनियों की कुल लागत का 35 से 40 प्रतिशत विमान ईंधन पर खर्च होता है। इसकी बढ़ती कीमतों के कारण चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू, दोनों विमान सेवा कंपनियों की वित्तीय स्थिति बुरी तरह प्रभावित हुई है। दिल्ली में नवंबर में विमान ईंधन की कीमत 76,378.80 रुपए प्रति किलोलीटर पर पहुंच गई थी, जो ऐतिहासिक दूसरा उच्चतम स्तर है। अक्टूबर 2013 में इसकी कीमत 77 हजार रुपए प्रति किलोलीटर के पार रही थी।
इस वजह से घटे दाम
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट और डॉलर की तुलना में रुपए की मजबूती से दिसंबर महीने के लिए विमान ईंधन की कीमत 8,327.83 रुपए यानी 10.90 प्रतिशत घटाकर 68,050.97 रुपए प्रति किलोलीटर तय की गयी है। यह मई 2018 के बाद का निचला स्तर है। कोलकाता में विमान ईंधन 9.88 प्रतिशत सस्ता होकर 73,393.55 रुपए, मुंबई में 10.57 प्रतिशत सस्ता होकर 67,979.58 रुपए और चेन्नई में 10.71 प्रतिशत सस्ता होकर 69,216.61 रुपए प्रति किलोलीटर हो गया है।
शहर |
कितने प्रतिशत हुआ सस्ता |
आज के दाम |
दिल्ली |
10.90% |
68,050.97 रुपए |
कोलकाता |
9.88% |
73,393.55 रुपए |
मुंबई |
10.57% |
67,979.58 रुपए |
चेन्नई |
10.71% |
69,216.61 रुपए |
कम हो सकते हैं हवाई टिकटों के दाम
गौरतलब है कि घरेलू विमान सेवा कंपनियों के विमान ईंधन की कीमत कम करने का असर आम जनता पर भी दिखेगा। ईंधन के सस्ते होने से एयरलाइन्स टिकटों की कीमतों में भी कटौती कर सकती है।