Edited By jyoti choudhary,Updated: 01 Jun, 2026 04:58 PM

भारतीय ऑटोमोबाइल क्षेत्र के लिए मई 2026 का महीना ऐतिहासिक साबित हुआ है। कार निर्माता कंपनियों द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू बाजार में पैसेंजर और यूटिलिटी वाहनों की मांग में जबरदस्त बूम देखा गया है। इस दौरान मारुति सुजुकी, किआ इंडिया, टोयोटा,...
बिजनेस डेस्कः भारतीय ऑटोमोबाइल क्षेत्र के लिए मई 2026 का महीना ऐतिहासिक साबित हुआ है। कार निर्माता कंपनियों द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू बाजार में पैसेंजर और यूटिलिटी वाहनों की मांग में जबरदस्त बूम देखा गया है। इस दौरान मारुति सुजुकी, किआ इंडिया, टोयोटा, हुंडई, महिंद्रा ने रिकॉर्ड बिक्री हासिल की।
मारुति सुजुकी का शानदार प्रदर्शन
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने मई 2026 में 2,42,688 वाहनों की बिक्री के साथ सालाना आधार पर 34% की तूफानी बढ़त दर्ज की है।
विशेष रूप से, कंपनी की एंट्री-लेवल कारों (ऑल्टो और एस-प्रेसो) की बिक्री में 140% का भारी उछाल देखा गया है।
हुंडई और महिंद्रा की डबल-डिजिट ग्रोथ
हुंडई मोटर इंडिया की घरेलू बिक्री में 9.1% की वृद्धि हुई, जबकि वित्त वर्ष 2026-27 के पहले दो महीनों में इसकी कुल घरेलू बिक्री 13% बढ़कर लगभग एक लाख यूनिट तक पहुंच गई है।
वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 99,636 वाहनों की बिक्री के साथ 20% की कुल वृद्धि दर्ज की, जिसमें उनकी एसयूवी (SUV) की बिक्री का प्रमुख योगदान रहा।
किआ इंडिया की बिक्री
किआ इंडिया ने मई, 2026 में 23.6 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 27,586 इकाई की बिक्री दर्ज की जो कंपनी की अब तक की मई महीने की सबसे अधिक बिक्री है। किआ इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) अतुल सूद ने कहा कि यह प्रदर्शन बदलती उपभोक्ता प्राथमिकताओं के साथ उनके उत्पाद खंड के मजबूत तालमेल को दर्शाता है।
टोयोटा का हाइब्रिड मील का पत्थर
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने मई में 33,128 वाहनों की बिक्री की और भारत में 3 लाख से अधिक स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वाहनों की बिक्री का एक महत्वपूर्ण आंकड़ा पार कर लिया है। इसके अलावा, कंपनी के निर्यात में भी 61% की बड़ी बढ़ोतरी देखी गई।
चुनौतियों के बावजूद स्थिरता
जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने वैश्विक सप्लाई चेन की बाधाओं और बढ़ती माल ढुलाई लागत के बावजूद 6,048 वाहनों की बिक्री के साथ अपना प्रदर्शन स्थिर बनाए रखा है।