Edited By jyoti choudhary,Updated: 01 Aug, 2026 04:11 PM
Vehicle sales in July 2026: भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए जुलाई 2026 शानदार साबित हुआ। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हुंदै मोटर इंडिया ने बिक्री के नए रिकॉर्ड बनाए। इनमें मारुति सुजुकी ने अब तक की सबसे अधिक घरेलू यात्री...
Vehicle sales in July 2026: भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए जुलाई 2026 शानदार साबित हुआ। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हुंदै मोटर इंडिया ने बिक्री के नए रिकॉर्ड बनाए। इनमें मारुति सुजुकी ने अब तक की सबसे अधिक घरेलू यात्री वाहन बिक्री दर्ज की, जबकि टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री दोगुने से ज्यादा बढ़ी।
मारुति सुजुकी की बिक्री 34% बढ़ी
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) की जुलाई में कुल बिक्री 34 प्रतिशत बढ़कर 2,41,421 इकाई रही, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 1,80,526 इकाई थी। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि जुलाई में उसकी घरेलू यात्री वाहन बिक्री 43.4 प्रतिशत बढ़कर 1,96,203 इकाई रही, जबकि जुलाई 2025 में यह 1,37,776 इकाई थी। जुलाई 2026 में कंपनी ने घरेलू बाजार में यात्री वाहन बिक्री की अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
वहीं, हल्के वाणिज्यिक वाहन (एलसीवी) सहित कुल घरेलू बिक्री भी रिकॉर्ड 2,00,123 इकाई रही। ऑल्टो और एस-प्रेसो समेत छोटी कारों की बिक्री जुलाई में बढ़कर 12,634 इकाई हो गई, जो पिछले वर्ष जुलाई में 6,822 इकाई थी। बलेनो, सेलेरियो, डिजायर, इग्निस, स्विफ्ट और वैगनआर जैसी कॉम्पैक्ट कार की बिक्री जुलाई में बढ़कर 90,822 इकाई हो गई, जबकि पिछले वर्ष जुलाई में यह 65,840 इकाई थी।
ब्रेजा, अर्टिगा, ई-विटारा, फ्रॉन्क्स, ग्रैंड विटारा, इनविक्टो, जिम्नी, विक्टोरिस और एक्सएल6 जैसे यूटिलिटी वाहनों की बिक्री समीक्षाधीन महीने में 78,851 इकाई रही, जबकि जुलाई 2025 में यह 52,773 इकाई थी।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की सेल
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवीएल) की कुल बिक्री जुलाई में 59 प्रतिशत बढ़कर 63,760 इकाई हो गई। पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 40,175 इकाई थीं। टीएमपीवीएल ने जारी बयान में बताया कि जुलाई 2025 में 39,521 इकाई की तुलना में जुलाई 2026 में कंपनी की घरेलू पैसेंजर व्हीकल्स (पीवी) बिक्री 58 प्रतिशत बढ़कर 62,611 इकाई हो गई।
बयान में कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में पीवी बिक्री 76 प्रतिशत बढ़कर 1,149 इकाई रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 654 इकाई थी। कंपनी ने बताया कि जुलाई 2026 में इलेक्ट्रिक पीवी की कुल बिक्री 114 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 15,217 इकाई रही, जबकि जुलाई 2025 में यह 7,124 इकाई थी।
महिंद्रा एंड महिंद्रा की कुल बिक्री 26% बढ़ी
महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) लिमिटेड की कुल वाहन बिक्री जुलाई में 26 प्रतिशत बढ़कर 1,03,860 इकाई हो गई। कंपनी ने बताया कि जुलाई 2026 के दौरान घरेलू बाजार में यूटिलिटी व्हीकल (यूवी) की बिक्री 20 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 60,048 इकाई रही, जो जुलाई 2025 में 49,871 इकाई थी। एमएंडएम ने बताया कि जुलाई में कंपनी की घरेलू वाणिज्यिक वाहन बिक्री 23 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 25,204 इकाई रही।
कंपनी ने बताया कि जुलाई 2026 में उसका कुल निर्यात 47 प्रतिशत बढ़कर 4,070 इकाई रहा, जबकि एक साल पहले समान अवधि में यह 2,774 इकाई था। महिंद्रा एंड महिंद्रा के वाहन प्रभाग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नलिनीकांत गोलागुंटा ने कहा कि कंपनी के पूरे उत्पाद पोर्टफोलियो में मजबूत मांग के बल पर जुलाई में सभी श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला और कुल बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
Hyundai की जुलाई में बिक्री
हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) की बिक्री जुलाई 2026 में 25.4 प्रतिशत बढ़कर 75, 360 इकाई रही। यह कंपनी की अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री है। एचएमआईएल ने जारी बयान में कहा कि घरेलू बाजार में भी बिक्री अब तक की सर्वाधिक 54,210 इकाई रही, जो पिछले वर्ष के इसी माह से 23.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। निर्यात 31.4 प्रतिशत वृद्धि के साथ 21,150 इकाई रहा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने कहा, ''हमने नई तिमाही की शुरुआत मजबूत प्रदर्शन के साथ की है। जुलाई में कुल 75,360 इकाई की बिक्री (धरेलू और निर्यात 25.4 प्रतिशत सालाना आधार पर) कंपनी के इतिहास की सबसे बड़ी मासिक बिक्री है, जो ग्राहकों के हुंदै ब्रांड पर बढ़ते भरोसे को दर्शाती है।'' उन्होंने कहा कि जुलाई में कंपनी का निर्यात पिछले 100 महीनों में सबसे अधिक रहा है। यह उपलब्धि 'मेक इन इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड' के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।