RBI New Rules: अब एक क्लिक में रुकेगी साइबर ठगी! RBI ला रहा है Stop Switch, बैंक खाते पर मिलेगा पूरा कंट्रोल

Edited By Updated: 24 Nov, 2026 11:32 AM

cyber  fraud can now stopped with a single click rbi introducing stop switch

डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर ठगी के मामलों पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। नए प्रस्तावित नियमों के तहत अब ग्राहकों को अपने बैंक खाते और डिजिटल पेमेंट की सुरक्षा पर पहले से

नई दिल्लीः डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर ठगी के मामलों पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। नए प्रस्तावित नियमों के तहत अब ग्राहकों को अपने बैंक खाते और डिजिटल पेमेंट की सुरक्षा पर पहले से ज्यादा नियंत्रण मिलेगा। खाते में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर ग्राहक खुद इमरजेंसी फीचर के जरिए डिजिटल लेनदेन रोक सकेंगे। RBI ने इन प्रस्तावों पर 14 दिसंबर 2026 तक आम लोगों और संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे हैं। प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी मिलने पर कुछ नियम 1 जनवरी 2027 और बाकी 1 जुलाई 2027 से लागू किए जा सकते हैं।

एक क्लिक पर बंद हो जाएंगे संदिग्ध डिजिटल ट्रांजैक्शन

RBI के प्रस्ताव में सबसे अहम फीचर ‘स्टॉप स्विच’ है। इसे बैंक के मोबाइल एप में इमरजेंसी बटन की तरह उपलब्ध कराने की योजना है। अगर ग्राहक को लगे कि उसका अकाउंट, पासवर्ड या डिजिटल पेमेंट सिस्टम किसी के हाथ लग गया है, तो वह इस विकल्प को सक्रिय कर सकेगा।

इसके चालू होते ही खाते से नए डिजिटल पेमेंट, नए ऑटो-डेबिट और किसी नए एप पर UPI रजिस्ट्रेशन जैसी गतिविधियां रोक दी जाएंगी। हालांकि, इससे पूरा बैंक खाता फ्रीज नहीं होगा। खाते में पैसे जमा होने, पहले से जारी लोन EMI, पुराने ऑटो-डेबिट और बैंक चार्ज जैसी गतिविधियां जारी रहेंगी। जरूरी वेरिफिकेशन के बाद ग्राहक इस सुविधा को बंद कर सकेगा।

अपनी मर्जी से तय कर सकेंगे पेमेंट की लिमिट

नए प्रस्तावों के तहत ग्राहकों को डिजिटल लेनदेन की सीमा खुद निर्धारित करने का विकल्प भी मिल सकता है। इसमें एक ट्रांजैक्शन, किसी खास व्यक्ति को भेजी जाने वाली रकम और पूरे दिन के कुल पेमेंट की लिमिट तय की जा सकेगी।

उदाहरण के तौर पर, ग्राहक किसी एक व्यक्ति को अधिकतम 20 हजार रुपए भेजने या किसी खास एप पर रोजाना 10 हजार रुपए तक के लेनदेन की सीमा निर्धारित कर सकेगा। इसके अलावा दिन के अलग-अलग समय पर किसी विशेष पेमेंट चैनल को बंद रखने की सुविधा भी मिल सकती है।

यह व्यवस्था डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और प्रीपेड कार्ड पर भी लागू करने का प्रस्ताव है। वहीं, नया बैंक खाता खुलने पर डिजिटल पेमेंट की सुविधा डिफॉल्ट रूप से बंद रहेगी। ग्राहक की सहमति मिलने के बाद ही इसे सक्रिय किया जाएगा।

बड़े ट्रांजैक्शन पर नजर रखेगा ‘ट्रस्टेड पर्सन’

बड़ी रकम के डिजिटल ट्रांसफर को सुरक्षित बनाने के लिए RBI ने ‘ट्रस्टेड पर्सन’ फीचर का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत ग्राहक अपनी पसंद के 18 साल या उससे अधिक उम्र के किसी भरोसेमंद व्यक्ति को नामित कर सकेगा।

अगर ग्राहक की ओर से तय सीमा से ज्यादा रकम ट्रांसफर की जाती है, तो नामित व्यक्ति को इसकी जानकारी भेजी जाएगी। उसके पास ट्रांजैक्शन को मंजूरी देने के लिए एक घंटे का समय होगा। अगर वह भुगतान से इनकार करता है या निर्धारित समय में जवाब नहीं देता, तो ट्रांजैक्शन अपने आप रुक जाएगा।

इस सुविधा को सक्रिय करने से पहले 24 घंटे का कूलिंग-ऑफ पीरियड भी रखा जाएगा। हालांकि, ट्रस्टेड पर्सन को ग्राहक के बैंक बैलेंस, FD या निवेश की जानकारी नहीं मिलेगी और न ही वह खाते से खुद कोई लेनदेन कर सकेगा। प्रस्ताव के मुताबिक, यह व्यवस्था UPI, दुकानों पर किए जाने वाले भुगतान और ऑटो-डेबिट पर लागू नहीं होगी।

बैंक की लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

RBI के प्रस्तावों में बैंकों की जिम्मेदारी को लेकर भी सख्ती दिखाई गई है। डिजिटल फ्रॉड से बचाव के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय लागू नहीं करना, ट्रांजैक्शन अलर्ट नहीं भेजना, 24 घंटे शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध नहीं कराना या शिकायत मिलने पर समय पर कार्रवाई नहीं करना बैंक की लापरवाही मानी जा सकती है।

इसके अलावा बैंक के सिस्टम में गड़बड़ी, सुरक्षा में सेंध या बैंक कर्मचारी की मिलीभगत से होने वाली धोखाधड़ी के मामलों में भी बैंक की जवाबदेही तय करने का प्रस्ताव है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!