RBI new ATM rules: ATM इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ी खबर, RBI ने जारी किए नए नियम

Edited By Updated: 28 Nov, 2026 11:47 AM

big news for atm users rbi has issued new rules

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ATM और PoS मशीनों से कैश निकालने से जुड़े नियमों को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। 27 नवंबर को जारी इन निर्देशों में बैंकों को ग्राहकों के लिए ATM ट्रांजैक्शन से जुड़ी जानकारी अधिक पारदर्शी बनाने को कहा गया है। अब बैंक

नई दिल्लीः भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ATM और PoS मशीनों से कैश निकालने से जुड़े नियमों को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। 27 नवंबर को जारी इन निर्देशों में बैंकों को ग्राहकों के लिए ATM ट्रांजैक्शन से जुड़ी जानकारी अधिक पारदर्शी बनाने को कहा गया है। अब बैंक ग्राहकों को बताएंगे कि उन्होंने महीने की कितनी फ्री ATM ट्रांजैक्शन लिमिट इस्तेमाल कर ली है और लिमिट खत्म होने के बाद कैश निकालने पर कितना शुल्क देना पड़ सकता है।

RBI ने इस संबंध में 2008 से 2022 के बीच जारी 17 पुराने सर्कुलर वापस लेकर सभी जरूरी नियमों को एक जगह शामिल किया है। नए निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इनका पालन सरकारी और निजी बैंकों के साथ ग्रामीण व सहकारी बैंकों तथा संबंधित पेमेंट सिस्टम संस्थाओं को भी करना होगा।

फ्री ATM लिमिट इस्तेमाल होने पर बैंक भेजेंगे अलर्ट

नए निर्देशों के अनुसार, बैंकों को ऐसी व्यवस्था करनी होगी, जिससे ग्राहक हर महीने अपनी फ्री ATM ट्रांजैक्शन लिमिट के इस्तेमाल की जानकारी प्राप्त कर सकें। इसके लिए बैंक SMS या अन्य माध्यमों से अलर्ट भेज सकते हैं।

इससे ग्राहकों को पता चल सकेगा कि उनकी कितनी फ्री ट्रांजैक्शन बची हैं और लिमिट पूरी होने के बाद अगली निकासी पर कितना शुल्क लग सकता है।

इसके अलावा, ATM मशीनों पर यह जानकारी भी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होगी कि मशीन मेट्रो शहर में स्थित है या नॉन-मेट्रो क्षेत्र में। इसके लिए स्क्रीन पर मैसेज, स्टिकर या पोस्टर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

ATM से महीने में कितनी बार कर सकेंगे फ्री ट्रांजैक्शन?

RBI ने फिलहाल फ्री ATM ट्रांजैक्शन की मौजूदा सीमा में कोई बदलाव नहीं किया है। नियमों के मुताबिक:

  • अपने बैंक के ATM से: हर महीने 5 फ्री ट्रांजैक्शन।
  • दूसरे बैंक के ATM से (मेट्रो शहरों में): 3 फ्री ट्रांजैक्शन।
  • दूसरे बैंक के ATM से (नॉन-मेट्रो शहरों में): 5 फ्री ट्रांजैक्शन।

इन ट्रांजैक्शन में कैश निकालने के अलावा बैलेंस चेक जैसी नॉन-फाइनेंशियल सेवाएं भी शामिल हैं। फ्री लिमिट खत्म होने के बाद बैंक प्रति ट्रांजैक्शन अधिकतम 23 रुपए और लागू टैक्स वसूल सकते हैं। हालांकि, बैंक चाहें तो अपने ग्राहकों को निर्धारित सीमा से ज्यादा फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा दे सकते हैं।

ATM से पैसे नहीं निकले तो नहीं देना होगा चार्ज

RBI ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी खराबी, सर्वर डाउन होने, कम्युनिकेशन फेल होने या ATM में कैश उपलब्ध नहीं होने के कारण ट्रांजैक्शन फेल होने पर ग्राहक से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

गलत PIN डालने या बैंक की ओर से हुई तकनीकी गड़बड़ी के कारण असफल हुए ट्रांजैक्शन पर भी चार्ज नहीं लगाया जा सकेगा। ऐसे ट्रांजैक्शन को वैध ATM ट्रांजैक्शन नहीं माना जाएगा और इन्हें फ्री लिमिट में भी नहीं गिना जाएगा।

PoS मशीन और UPI से भी निकाल सकेंगे कैश

नए मास्टर निर्देशों में PoS मशीन के जरिए कैश निकालने की सुविधा को भी शामिल किया गया है। ग्राहक डेबिट कार्ड, फुल KYC वाले प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (PPI) और UPI की मदद से इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इस माध्यम से एक बार में अधिकतम 2,000 रुपए और एक महीने में कुल 10,000 रुपए तक कैश निकाला जा सकेगा।

अगर बैंक या संबंधित संस्था इस सुविधा के लिए शुल्क लेती है, तो यह निकाली गई रकम के 1 फीसदी से अधिक नहीं हो सकता। खास बात यह है कि PoS मशीन से कैश निकालने के लिए ग्राहक को कोई सामान खरीदना जरूरी नहीं होगा।

अगर ग्राहक खरीदारी के साथ कैश भी निकालता है, तो दुकानदार को बिल में सामान की कीमत और निकाली गई नकदी की रकम अलग-अलग दिखानी होगी।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!