Edited By jyoti choudhary,Updated: 30 Jul, 2026 02:38 PM

रियल एस्टेट कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 19 प्रतिशत घटकर 235.9 करोड़ रुपए रह गया। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 292.5 करोड़...
नई दिल्लीः रियल एस्टेट कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 19 प्रतिशत घटकर 235.9 करोड़ रुपए रह गया। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 292.5 करोड़ रुपए था। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 2,835.6 करोड़ रुपए हो गई जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 2,468.7 करोड़ रुपए थी।
रियल एस्टेट कंपनी ने अलग से एक नियामकीय सूचना में ठाणे में एक आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए एक रणनीतिक साझेदारी करने की जानकारी दी है। हालांकि, उसने भू-स्वामी के नाम का खुलासा नहीं किया। आगामी परियोजना 14.6 एकड़ में फैली होगी और इसमें 50 लाख वर्ग फुट से अधिक विकास क्षमता होगी।
कंपनी को इस परियोजना से 6,000 करोड़ रुपए के कुल राजस्व की उम्मीद है। प्रेस्टीज समूह के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक इरफान रज्जाक ने कहा, ''यह परियोजना मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में कंपनी के निरंतर विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।''