Edited By jyoti choudhary,Updated: 19 Nov, 2026 06:14 PM

सोने की कीमतों में लगातार कमजोरी देखने को मिल रही है। इस साल ऊंचे स्तर पर सोना खरीदने वाले निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, नए निवेशक इस उलझन में हैं कि मौजूदा गिरावट के बीच सोना खरीदना सही रहेगा या कीमतें अभी और नीचे जा सकती हैं।
नई दिल्लीः सोने की कीमतों में लगातार कमजोरी देखने को मिल रही है। इस साल ऊंचे स्तर पर सोना खरीदने वाले निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, नए निवेशक इस उलझन में हैं कि मौजूदा गिरावट के बीच सोना खरीदना सही रहेगा या कीमतें अभी और नीचे जा सकती हैं। हालांकि, इतिहास के आंकड़े बताते हैं कि सोने में बड़ी गिरावट के बाद कई बार साल के अंत तक शानदार रिकवरी भी देखने को मिली है लेकिन हर बार ऐसा हुआ हो, यह जरूरी नहीं है।
गुरुवार, 19 नवंबर को भी सोने की कीमतों में कमजोरी रही। MCX पर 4 दिसंबर डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर 0.75 फीसदी गिरकर 1,28,842 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला। वहीं, सोने की हाजिर कीमत करीब 1,30,921 रुपए प्रति 10 ग्राम रही।
2026 में सोने की कीमतों में 25% तक गिरावट
एक रिसर्च के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 तक सोने की कीमतों में साल के दौरान अपने उच्चतम स्तर से करीब 25 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। 1980 के बाद यह सबसे बड़ी गिरावटों में शामिल है। ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार, 1980 से अब तक सोने में औसतन करीब 13 फीसदी की इंट्रा-ईयर गिरावट देखने को मिली है।
इससे पहले 1980 में सोने की कीमतों में 40 फीसदी, 1981 में 25 फीसदी, 2008 में 20 फीसदी और 2020 में 15 फीसदी तक की गिरावट आई थी। वहीं, 2023 में भी सोने में करीब 10 फीसदी का करेक्शन देखने को मिला था।
गिरावट के बाद कई बार सोने ने दी शानदार रिकवरी
इतिहास बताता है कि साल के दौरान बड़ी गिरावट आने के बावजूद सोना कई बार साल के अंत तक पॉजिटिव रिटर्न देने में सफल रहा है। 1980 में 40 फीसदी की गिरावट के बावजूद सोने ने साल के अंत में 4 फीसदी का रिटर्न दिया था। 2008 में 20 फीसदी गिरावट के बाद साल के अंत तक 28 फीसदी का रिटर्न मिला। इसी तरह 2020 में 15 फीसदी की गिरावट के बावजूद सोने ने साल के अंत में 28 फीसदी की बढ़त दर्ज की।
हालांकि, 1981 और 2013 में ऐसा नहीं हुआ। इन वर्षों में सोना क्रमशः 22 और 18 फीसदी के नुकसान के साथ बंद हुआ।
क्या अभी सोना खरीदना सही रहेगा?
रिसर्च आंकड़ों के मुताबिक, 31 अक्टूबर तक 2026 में सोने का सालाना रिटर्न 5 फीसदी निगेटिव था। विशेषज्ञों के अनुसार, निवेशकों को सोने में निवेश से पहले अपनी निवेश अवधि और जोखिम उठाने की क्षमता को ध्यान में रखना चाहिए। ऐतिहासिक आंकड़े बताते हैं कि सोने में गिरावट के बाद रिकवरी संभव है लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं है। इसलिए केवल पुरानी तेजी को देखकर निवेश का फैसला करना सही नहीं होगा।