Edited By Pardeep,Updated: 25 Nov, 2026 10:13 PM

देश में महंगाई का दबाव अब अधिक व्यापक होता जा रहा है और अक्टूबर में पहले की तुलना में ज्यादा वस्तुओं एवं सेवाओं की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के एक शोधपत्र में यह बात कही गई है।
नई दिल्लीः देश में महंगाई का दबाव अब अधिक व्यापक होता जा रहा है और अक्टूबर में पहले की तुलना में ज्यादा वस्तुओं एवं सेवाओं की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के एक शोधपत्र में यह बात कही गई है।
भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति पर बुधवार को जारी मासिक शोधपत्र के मुताबिक, अक्टूबर में चार प्रतिशत से अधिक और छह प्रतिशत से अधिक मुद्रास्फीति वाली वस्तुओं का हिस्सा बढ़ा। इससे एक माह पहले की तुलना में महंगाई के दबाव का दायरा बढ़ने का संकेत मिलता है। शोधपत्र के मुताबिक, रेस्तरां एवं आवास सेवाओं तथा खाद्य एवं पेय पदार्थों की श्रेणी में महंगाई बढ़कर छह प्रतिशत से अधिक हो गई। वहीं, कपड़े एवं जूते-चप्पल और परिवहन की श्रेणियों में महंगाई चार से छह प्रतिशत के बीच रही।
खुदरा मुद्रास्फीति अक्टूबर में सालाना आधार पर बढ़कर 6.1 प्रतिशत हो गई, जबकि सितंबर में यह 5.5 प्रतिशत थी। शोधपत्र में कहा गया कि कीमतों पर दबाव मुख्य रूप से खाद्य एवं पेय पदार्थों की श्रेणी से आया। इस श्रेणी के 12 उप-समूहों में से 11 में अक्टूबर के दौरान पिछले महीने की तुलना में कीमतें बढ़ीं। इस बुलेटिन में 19 नवंबर तक के उच्च आवृत्ति वाले आंकड़ों (जीएसटी संग्रह, ई-वे बिल आदि) के आधार पर कहा गया है कि खाद्य कीमतों पर व्यापक दबाव बना हुआ है। सब्जियों, अनाज, दाल तथा तेल एवं वसा की कीमतों में मासिक आधार पर तेजी के कारण महंगाई में उछाल देखा गया। अक्टूबर में छह प्रतिशत से अधिक मुद्रास्फीति वाले राज्यों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। वहीं, 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मुद्रास्फीति दर चार से छह प्रतिशत के बीच रही।
आरबीआई के विशेषज्ञों ने कहा कि घरेलू आर्थिक वृद्धि के कारक और समग्र व्यापक आर्थिक बुनियादी स्थितियां उपयोगी सुरक्षा कवच का काम कर रही हैं। इससे वैश्विक घटनाक्रमों से पैदा हुई अस्थिरता के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। शोधपत्र के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर आर्थिक प्रदर्शन असमान रहने के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था अलग नजर आई। अक्टूबर में घरेलू आर्थिक गतिविधियों के उच्च आवृत्ति वाले संकेतकों में मजबूती दिखी, जिसे कर्ज की मजबूत मांग का समर्थन मिला।
यह शोधपत्र आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की चार दिसंबर को होने वाली समीक्षा बैठक से करीब 10 दिन पहले आया है। इस बीच, बाजार के अधिकतर जानकारों को आगामी मौद्रिक नीति समीक्षा में नीतिगत रेपो दर में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि की संभावना है। उनका मानना है कि चालू वित्त वर्ष के बचे हुए समय में भी मौद्रिक नीति और सख्त की जा सकती है। अक्टूबर के दौरान देश का विदेशी मुद्रा भंडार संतोषजनक स्थिति में रहा। 13 नवंबर तक यह 10 महीने के वस्तुओं के आयात के बराबर था और जून 2026 के अंत तक बकाया कुल विदेशी ऋण का 90.6 प्रतिशत 'कवर' करता था।