Edited By Pardeep,Updated: 29 Nov, 2026 09:03 AM

उच्चतम न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में शनिवार शाम को मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर बने दीपथून-सर्वेक्षण स्तंभ पर सशस्त्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की कड़ी सुरक्षा और‘वेत्रिवेल वीरवेल'के जयघोष के बीच‘कार्तिगई...
चेन्नईः उच्चतम न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में शनिवार शाम को मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर बने दीपथून-सर्वेक्षण स्तंभ पर सशस्त्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की कड़ी सुरक्षा और‘वेत्रिवेल वीरवेल'के जयघोष के बीच‘कार्तिगई दीपम' प्रज्वलित किया गया।
मंदिर प्रशासन के सदियों पुरानी परंपरा और नियमों का हवाला देते हुए उच्चतम न्यायालय के आदेश का पालन न करने तथा 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम के दिन नीचे बने मंदिर के गर्भगृह के ठीक ऊपर पारंपरिक दीपमंडप में ही दीप जलाने के बाद, आज इस पाषाण स्तंभ पर औपचारिक रूप से दीपम प्रज्वलित किया गया।
दीप प्रज्वलित होते ही पहाड़ी की तलहटी में बड़ी संख्या में एकत्रित उत्साही श्रद्धालुओं ने‘वेत्रिवेल मुरुगनक्कु अरोहरा, अरोहरा'का उच्चारण किया और बाद में नृत्य कर तथा पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। यह पाषाण स्तंभ सिकंदर बादशाह की दरगाह के पास है लेकिन इसकी संरचना पारंपरिक दीपम के लिए घी का पात्र रखने में सक्षम नहीं थी, इसलिए इसके चारों ओर सूती कपड़ा बांधकर उसमें कपूर रखा गया और अनुष्ठान संपन्न कराने के लिए स्तंभ के चारों ओर एक अस्थायी मचान भी बनाया गया।
यह पूरा आयोजन उच्चतम न्यायालय के नियुक्त रिसीवर मेघालय उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस. वैद्यनाथन और मद्रास उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन की देखरेख में संपन्न हुआ। पाषाण स्तंभ पर पहुंचने से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और स्थानिकारों से दीप प्रज्वलन के लिए शाम पांच बजे का मुहूर्त निकाला गया । दीप की ज्योति उच्ची पिल्लैयार मंदिर के दीपम से लाई गई थी। इस अवसर पर दोनों न्यायाधीशों और जिलाधिकारी निशांत कृष्णा सहित लगभग 50 लोग उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी और तमिलनाडु सरकार के शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्चतम न्यायालय ने अपने पूर्व आदेश की अवहेलना करने पर मंदिर देवस्थानम न्यासी बोर्ड को निलंबित कर दिया था तथा अवमानना नोटिस भी जारी किए थे। अपने अंतरिम आदेश में न्यायालय ने न्यायमूर्ति जी.आर. स्वामीनाथन की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के कार्तिगई दीपम के दिन दीप जलाने के निर्देश पर रोक लगाते हुए एक बार की व्यवस्था के रूप में पाषाण स्तंभ पर दीप प्रज्वलित करने की अनुमति दी थी।
दीप प्रज्वलन के बाद न्यायाधीशों ने स्पष्ट किया कि दीप जलाने को लेकर मुस्लिम समुदाय की ओर से कोई विरोध नहीं था। इस बीच, वामपंथी दलों और कुछ अन्य क्षेत्रीय दलों ने उच्चतम न्यायालय के आदेश की आलोचना की जबकि विपक्षी द्रमुक और अन्नाद्रमुक ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की आलोचना करने से बचते हुए राज्य सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।