Edited By ,Updated: 18 Jul, 2016 10:55 AM
हरियाणा युवा कांग्रेस के चुनाव की प्रक्रिया आरोपों के घेरे में आ गई है। इस बार आरोप कांग्रेस के महासचिव हिम्मत सिंह पर लगे हैं। उन आरोप हैं कि अपने चहेते प्रत्याशी को जितवाने के लिए उन्होंने सदस्यता फार्म भरने में गड़बड़ी की।
चंडीगढ़, (धरणी): हरियाणा युवा कांग्रेस के चुनाव की प्रक्रिया आरोपों के घेरे में आ गई है। इस बार आरोप कांग्रेस के महासचिव हिम्मत सिंह पर लगे हैं। उन आरोप हैं कि अपने चहेते प्रत्याशी को जितवाने के लिए उन्होंने सदस्यता फार्म भरने में गड़बड़ी की।
इसकी शिकायत कांग्रेस हाईकमान को भी की है। शिकायतकर्ताओं ने इस संबंध में वीडियो फुटेज भी जारी किया है। वहीं दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है।
अम्बाला युवा कांग्रेस के चुनाव में उतरे गुरसिमरत सिंह ने आरोप लगाया कि अम्बाला शहर से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके और कांग्रेस के महासचिव हिम्मत सिंह ने सदस्यता फार्म भरने में धांधली करवाई है।
गुरसिमरत का आरोप है कि चुनाव के लिए सदस्यता फार्म भरने की अंतिम तिथि 9 जुलाई थी, लेकिन 12 जुलाई को अम्बाला के एक होटल में चुनाव के लिए नियुक्त डी.आर.ओ. ने हिम्मत सिंह के एक समर्थक की मौजूदगी में सदस्यता फार्म भरे।
इस संबंध में प्रत्याशी ने वीडियो फुटेज भी जारी की है, जिसमें डी.आर.ओ. एक व्यक्ति की मौजूदगी में फार्म भरते नजर आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में कांग्रेस ने युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सदस्यता अभियान शुरू किया था।
इस अभियान के जरिये पहले से हाशिये पर चल रही कांग्रेस में जान फूंकने की कोशिश की जानी थी, लेकिन इन सबके पहले ही यह अभियान आरोपों के घेरे में आ गया।
इस मामले की शिकायत कांग्रेस हाईकमान को भेजकर कांग्रेस महासचिव हिम्मत सिंह, डी.आर.ओ. प्रदीप नेगी पर कार्रवाई की मांग की है। दूसरी तरफ जिन लोगों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वे इसे नकारते हुए इसे राजनीतिक षड्यंत्र बता रहे हैं ।