Edited By Niyati Bhandari,Updated: 17 Nov, 2026 04:57 PM

Akshaya Navami 2026: कार्तिक मास की अक्षय नवमी (18 नवंबर) पर जानिए भगवान विष्णु और आंवले के वृक्ष की पूजा का शुभ मुहूर्त, धार्मिक महत्व और बदलते मौसम में आंवला प्रसाद के अद्भुत स्वास्थ्य लाभ।
Akshaya Navami 2026: कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली नवमी तिथि को अक्षय नवमी के रूप में मनाया जाता है। इसे आंवला नवमी भी कहते हैं। इस दिन भगवान विष्णु के साथ आंवले के वृक्ष की पूजा करने का विधान है। इस वर्ष अक्षय नवमी 18 नवंबर को सुबह 6.04 पर आरंभ होगी। इसका समापन 19 नवंबर को सुबह 7.05 पर होगा। उदया तिथि के आधार पर अक्षय नवमी का पर्व 18 नवंबर दिन बुधवार को मनाया जाएगा।
अक्षय नवमी पूजा का शुभ मुहूर्त
अक्षय नवमी पर भगवान विष्णु और आंवले के वृक्ष की पूजा के लिए पूर्वाह्न काल को शुभ माना जाता है। पंचांग के अनुसार, 18 नवंबर को सुबह 6.46 से दोपहर 12.06 तक पूजा का अनुकूल समय रहेगा। श्रद्धालु इस अवधि में विधि-विधान से पूजा कर सकते हैं। इसके साथ ही जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और अन्य उपयोगी चीजों का दान करना भी शुभ माना जाता है।
अक्षय नवमी का धार्मिक महत्व
अक्षय नवमी को धर्म-कर्म और दान-पुण्य के लिए विशेष फलदायी माना गया है। ‘अक्षय’ शब्द का अर्थ है, जिसका कभी क्षय यानी नाश न हो। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा से किए गए पूजा-पाठ, जप, तप और दान का पुण्य लंबे समय तक बना रहता है। इसी विश्वास के कारण इस तिथि को अक्षय नवमी कहा जाता है।

क्यों की जाती है आंवले के पेड़ की पूजा?
सनातन परंपरा में आंवले के वृक्ष को पवित्र माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसका संबंध भगवान विष्णु से है। यही वजह है कि अक्षय नवमी के दिन आंवले के पेड़ की पूजा का विशेष विधान है। इस अवसर पर श्रद्धालु वृक्ष के नीचे दीपक जलाते हैं और जल अर्पित करके उसकी परिक्रमा करते हैं। पूजा में आंवले के फल का इस्तेमाल भी किया जाता है।
कई जगहों पर महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ इस वृक्ष की पूजा करती हैं। इस दिन आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन बनाने और परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर भोजन करने की भी परंपरा है। कई जगहों पर लोग पेड़ के नीचे भगवान विष्णु की पूजा करते हैं और भोजन को प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं। इसके अलावा जरूरतमंदों को भोजन और अन्न का दान किया जाता है। इस तरह अक्षय नवमी का पर्व धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति के प्रति सम्मान, सेवा और सामूहिकता का संदेश भी देता है।

सिर्फ परंपरा नहीं, बदलते मौसम में इम्यूनिटी बढ़ाने का ‘सुपरफूड’ है आंवला प्रसाद
हिन्दू धर्म के त्यौहारों के धार्मिक और वैज्ञानिक कारण भी होते हैं। कार्तिक मास में अक्षय नवमी पर आंवले की पूजा सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि बदलते मौसम में यहां चढ़ाए जाने वाला आंवला प्रसाद इम्यूनिटी बूस्टर का काम करता है।
नवंबर के मध्य में सर्दी की शुरुआत होती है, जब वायरल और फ्लू का खतरा बढ़ता है। तब डायटीशियन और आयुर्वेदाचार्यों के हवाले से बताया जाता है कि आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर ताजा आंवला खाने की परंपरा शरीर को पूरे सीजन बीमारियों से बचाती है।

आंवले के फायदे
धार्मिक महत्व के साथ-साथ आंवला अपने पोषक तत्वों के कारण भी विशेष पहचान रखता है। आंवला को विटामिन ‘सी’ और एंटीऑक्सीडैंट्स का अच्छा स्रोत माना जाता है। आंवला पाचन, त्वचा और बालों की देखभाल के लिए उपयोगी है। इसे कच्चे फल, जूस, चूर्ण, मुरब्बे और कैंडी के रूप में आहार में शामिल किया जा सकता है।
आयुर्वेद में आंवले का स्वाद मुख्य रूप से ‘अम्ल’ यानी खट्टा बताया गया है। इसके अलावा इसमें मधुर, कषाय और तिक्त रस भी पाए जाते हैं। इसकी तासीर शीत मानी जाती है जो पित्त संतुलन के लिए काफी फायदेमंद है। आंवले का अधिक मात्रा में सेवन करने से कुछ लोगों को गैस, पेट में मरोड़ या दस्त जैसी परेशानी हो सकती है। जिन लोगों को पहले से कोई स्वास्थ्य समस्या है, उन्हें नियमित रूप से आंवले का जूस या सप्लीमैंट लेने से पहले चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
