Edited By Sarita Thapa,Updated: 13 Nov, 2026 08:11 AM
भारत की सांस्कृतिक विरासत से लेकर आधुनिक तकनीक और युवाओं के उद्यमशील हुनर तक, देश की बदलती तस्वीर एक ही परिसर में देखने को मिलेगी। राजधानी के भारत मंडपम में 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ-2026) की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): भारत की सांस्कृतिक विरासत से लेकर आधुनिक तकनीक और युवाओं के उद्यमशील हुनर तक, देश की बदलती तस्वीर एक ही परिसर में देखने को मिलेगी। राजधानी के भारत मंडपम में 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ-2026) की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस बार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। इसमें जहां देश के अलग-अलग राज्यों की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पाद लोगों को आकर्षित करेंगे, वहीं करीब 600 स्टार्टअप युवाओं के नवाचार, तकनीकी कौशल और कारोबारी सोच का प्रदर्शन करेंगे।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल शुक्रवार की शाम सात बजे मेले का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके बाद 14 से 27 नवम्बर तक विभिन्न चरणों में कारोबारी प्रतिनिधियों और आम लोगों को इसमें शामिल होने का अवसर मिलेगा। मेले में देश-विदेश के कारोबारियों, उद्यमियों, निवेशकों, आम नागरिकों को एक मंच पर लाने की तैयारी है। यह जानकारी भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) के चेयरमैन जाबेद जाफरी ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। आईटीपीओ के एमडी डॉ. नीरज खारवाल और जीएम डोमेस्टिक लेफ्टिनेंट कर्नल हर्ष कंडोलिया भी मौजूद रहे।
मेले के आयोजक भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आई.टी.पी.ओ.) ने बताया कि आम लोगों के लिए सामान्य दिनों (19 से 27 नवम्बर) में वयस्कों का टिकट 80 रुपए से बढ़ाकर 100 रुपए कर दिया गया है। वरिष्ठ नागरिकों और पांच साल तक के बच्चों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। 600 स्टार्टअप दिखाएंगे नई सोच और तकनीकी ताकत: इस बार मेले का सबसे बड़ा आकर्षण हॉल नंबर 14 के प्रथम तल पर बनाया गया ‘हॉल ऑफ इंस्पिरेशन’ होगा। यहां देशभर के करीब 600 स्टार्टअप अपने उत्पादों, तकनीकी प्रयोगों और नए व्यावसायिक विचारों को प्रदर्शित करेंगे।
3500 से अधिक प्रदर्शक, 17 हॉल में सजेगा कारोबार: आईटीपीओ की ओर से आयोजित इस मेले में 3500 से अधिक प्रदर्शकों के शामिल होने की तैयारी है। करीब 1.05 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले प्रदर्शनी परिसर के 17 हॉल में देश के विभिन्न राज्यों, केंद्र सरकार के मंत्रालयों, सरकारी विभागों, बैंकों और निजी संस्थानों के स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन से जुड़ी जानकारी के अनुसार 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों और 11 देशों की भागीदारी रहेगी।
पांच दिन कारोबारियों के लिए, 19 नवंबर से आम लोगों की एंट्री:
मेले को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। 14 से 18 नवंबर तक शुरुआती पांच दिन बिजनेस डेज होंगे। इस दौरान प्रवेश मुख्य रूप से व्यापारिक आगंतुकों (बी2बी) के लिए आरक्षित रहेगा। वहीं, 19 से 27 नवंबर तक आम नागरिकों और खरीदारी करने वालों के लिए मेला खुलेगा। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।
मुख्य तिथियां और समय
• उद्घाटन दिवस. मेले का औपचारिक उद्घाटन शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को शाम 7:00 बजे होगा।
• बिजनेस डेज (बी2बी). 14 से 18 नवंबर 2026 तक शुरुआती पांच दिन केवल व्यापारिक आगंतुकों (बी2बी) के लिए आरक्षित हैं।
• आम जनता के दिन (बी2सी). 19 से 27 नवंबर 2026 तक मेला आम नागरिकों और खरीदारी करने वालों के लिए खुला रहेगा।
• मेले का समय. प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक प्रवेश रहेगा।
टिकट, प्रवेश और प्रमुख आकर्षण:
• प्रवेश द्वार और मेट्रो. सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन सुप्रीम कोर्ट (ब्लू लाइन) है। आगंतुक भैरों रोड पर गेट नंबर 3 व 4 और मथुरा रोड पर गेट नंबर 6 व 10 से प्रवेश कर सकते हैं।
• विशेष प्रदर्शनी. इस बार 17 हॉलों में 3,500 से अधिक प्रदर्शक, 32 राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश और 11 देश हिस्सा ले रहे हैं। ‘हॉल ऑफ इंस्पिरेशन’ में लगभग 600 स्टार्टअप डीप टेक, ड्रोन और कृषि तकनीक का प्रदर्शन करेंगे।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ