Bharat Swastik Yatra: मोरारी बापू की भारत स्वस्तिक यात्रा डाकोर पहुंची, भक्ति और भगवान के शाश्वत संबंध का किया स्मरण

Edited By Updated: 17 Nov, 2026 11:33 AM

bharat swastik yatra

Bharat Swastik Yatra: पावन रणछोड़रायजी मंदिर में यात्रा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की महिमा और भक्त बोडाणा की अटूट भक्ति की कथा के माध्यम से श्रद्धा, प्रेम और समर्पण के मूल्यों को रेखांकित किया गया।

Bharat Swastik Yatra: पूज्य आध्यात्मिक संत एवं रामचरितमानस के मर्मज्ञ पूज्य मोरारी बापू के नेतृत्व में भारत स्वस्तिक यात्रा 16 नवंबर को गुजरात के डाकोर पहुंची। यात्रा के दूसरे चरण, द्वारका से जगन्नाथ पुरी तक की यात्रा के अंतर्गत यहां रामकथा का आयोजन किया गया। गुजरात में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के प्रमुख केंद्र के रूप में विख्यात डाकोर विशेष रूप से श्री रणछोड़रायजी के मंदिर के लिए प्रसिद्ध है। यात्रा का यह पड़ाव ऐसे पवित्र तीर्थस्थल पर रहा, जिसकी आध्यात्मिक पहचान भक्त और भगवान के शाश्वत संबंध में निहित है।

रणछोड़रायजी मंदिर गुजरात के प्रमुख वैष्णव तीर्थस्थलों में से एक है। मंदिर की परंपराएं भगवान श्रीकृष्ण के अनन्य भक्त बोडाणा की कथा से जुड़ी हुई हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार, बोडाणा प्रत्येक छह महीने में तुलसी दल लेकर भगवान के दर्शन के लिए डाकोर से द्वारका की यात्रा करते थे। उम्र बढ़ने के साथ जब उनके लिए यह यात्रा कठिन होने लगी, तब उनकी अटूट भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण ने उनके साथ डाकोर चलने का वचन दिया।

मंदिर की परंपरा के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण बोडाणा की बैलगाड़ी में बैठकर द्वारका से डाकोर आए और अपने भक्त से किया वचन निभाया। कथा के अनुसार, जब द्वारका के पुजारी भगवान की प्रतिमा वापस ले जाने के लिए बोडाणा के पीछे आए, तब भगवान श्रीकृष्ण ने डाकोर में ही रहने का निर्णय लिया। बोडाणा के निधन के बाद उनकी पत्नी गंगाबाई ने प्रतिमा के भार के बदले अपनी छोटी-सी सोने की नथ अर्पित की। मान्यता है कि तुला पर दोनों का भार बराबर हो गया। यह प्रसंग इस विश्वास को प्रकट करता है कि सच्ची भक्ति का मूल्य भौतिक संपत्ति से कहीं अधिक होता है।

पूज्य मोरारी बापू ने कहा, “सफर वही कर सकते हैं, जो सफर में सफर करना जानते हैं। साधु का भैरव भजन भी कठिनाइयों को स्वीकार करने और आध्यात्मिक साधना के मार्ग पर दृढ़ बने रहने का संदेश देता है।

डाकोर का स्वस्तिक चार महत्वपूर्ण स्तंभों पर आधारित है। बोडाणा चरित्र, पुनीत परंपरा, मनसुख राम मास्टर और शिव चरित्र। ये चारों डाकोर की आध्यात्मिक चेतना, श्रद्धा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करते हैं।

आज मनसुख राम मास्टर के जीवन का विस्तृत प्रसंग सुनाते हुए मैंने उनकी भक्ति, त्याग और प्रतिबद्धता की असाधारण कथा का स्मरण किया। उनका जीवन अत्यंत भावुक कर देने वाला है और हमें अटूट श्रद्धा की शक्ति का एहसास कराता है।”

संतकृपा सनातन संस्थान द्वारा आयोजित भारत स्वस्तिक यात्रा भारत के महत्वपूर्ण आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों से होकर गुजर रही है। यह यात्रा सनातन धर्म के आदर्शों के माध्यम से देश की विविध क्षेत्रीय परंपराओं को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास कर रही है।

डाकोर के महत्व और भारत स्वस्तिक यात्रा में इसके स्थान पर बात करते हुए मिराज समूह के चेयरमैन एवं संतकृपा सनातन संस्थान के प्रबंध न्यासी मदन पालीवाल ने कहा, “बोडाणा और गंगाबाई की कथा सुंदर ढंग से दर्शाती है कि सच्ची भक्ति भौतिक संपत्ति और शारीरिक सीमाओं से परे होती है। भारत स्वस्तिक यात्रा जब देश के पवित्र तीर्थस्थलों से होकर गुजरती है, तो उसे ऐसी कथाओं और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है, जिन्हें पीढ़ियों से सहेजकर रखा गया है और जो आज भी हमारी आध्यात्मिक विरासत को अर्थ प्रदान करती हैं। इस यात्रा के माध्यम से हमारा प्रयास भारत की इन शाश्वत आध्यात्मिक नींव का उत्सव मनाना और उनसे पुनः जुड़ना है।”

यात्रा के दोनों चरणों– कन्याकुमारी से केदारनाथ और द्वारका से जगन्नाथ पुरी के माध्यम से भारत के 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को जोड़ा जा रहा है। यह यात्रा देश के विभिन्न क्षेत्रों को उनकी पवित्र भौगोलिक पहचान, नदियों, तीर्थ परंपराओं और साझा सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से एक सूत्र में पिरोती है।

यात्रा का भौगोलिक और सांस्कृतिक विस्तार भारत के राष्ट्रगान जन गण मन की भावना से भी जुड़ता है। राष्ट्रगान में पंजाब, गुजरात, मराठा, द्रविड़, उत्कल और बंग जैसे क्षेत्रों के साथ गंगा और यमुना नदियों, हिमालय तथा समुद्र का उल्लेख है। यात्रा का मार्ग पेरियार, तुंगा, तुंगभद्रा, भीमा, नर्मदा, बेतवा, रावी, तवी, मंदाकिनी, गोमती, क्षिप्रा, महानदी, जलंगी, हुगली और दया जैसी कई अन्य महत्वपूर्ण नदियों से जुड़े क्षेत्रों से भी होकर गुजरता है।

भारतीय परंपराओं में मंगल और कल्याण के प्राचीन प्रतीक स्वस्तिक से प्रेरित यह यात्रा सद्भाव, सामूहिक कल्याण और राष्ट्रीय एकता का संदेश देती है। यह आदि शंकराचार्य से भी प्रेरणा लेती है, जिनकी भारत यात्राओं ने सनातन धर्म की दार्शनिक और आध्यात्मिक परंपराओं के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पूज्य मोरारी बापू की रामकथाओं के मूल में सत्य, प्रेम और करुणा के सार्वभौमिक मूल्य हैं। भारत स्वस्तिक यात्रा इन्हीं मूल्यों को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने और आध्यात्मिकता, संवाद तथा साझा सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से समुदायों को एकजुट करने का प्रयास है।

यात्रा के दौरान आयोजित रामकथा और अन्य सभी कार्यक्रम निःशुल्क हैं तथा सभी के लिए खुले हैं। प्रत्येक पड़ाव पर भंडारे के रूप में शाकाहारी सामुदायिक भोजन प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाता है।

मोरारी बापू के बारे में
मोरारी बापू का जन्म वर्ष 1946 में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हुआ था। वे पिछले 65 वर्षों से अधिक समय से रामकथा का वाचन कर रहे हैं। उन्होंने 14 वर्ष की आयु में गुजरात के एक गांव में वृक्ष के नीचे अपनी पहली रामकथा का वाचन किया था। उनके दादा एवं गुरु त्रिभुवनदास जी ने उन्हें रामचरितमानस की दीक्षा दी थी। वैदिक सनातन धर्म, जिसे लोकप्रिय रूप से हिंदू सनातन धर्म के नाम से जाना जाता है से प्रेरित बापू की कथाएं विश्व शांति, सत्य, प्रेम और करुणा के सार्वभौमिक संदेश पर केंद्रित रहती हैं। उनकी कथाओं में सभी क्षेत्रों, जातियों और संप्रदायों के लोग सम्मिलित होते हैं।

पिछले कई दशकों में मोरारी बापू भारत और विश्व के अनेक शहरों तथा तीर्थस्थलों पर 960 से अधिक रामकथाएं कर चुके हैं। इनमें श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका, केन्या, यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका, ब्राजील, ऑस्ट्रेलिया, इजरायल और जापान जैसे देश शामिल हैं। उनकी कथाओं में लाखों श्रद्धालु सम्मिलित हो चुके हैं। उन्होंने भारत के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों में रेल यात्रा के माध्यम से रामकथाएं की हैं। इसके अतिरिक्त, न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय और हार्वर्ड विश्वविद्यालय में भी ऐतिहासिक रामकथाओं का आयोजन किया है। विश्व परिक्रमा के दौरान उन्होंने जहाज और विमान में भी रामकथा का वाचन किया है।

पारंपरिक स्थलों से आगे बढ़कर बापू ने वंचित समुदायों, जिनमें यौनकर्मी और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग भी शामिल हैं, के लिए रामकथाओं का आयोजन किया है। वे विश्वभर में आपदाग्रस्त क्षेत्रों में मानवीय सहायता के प्रयासों से भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। इनमें युद्धग्रस्त यूक्रेन और इजरायल जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!