Edited By Niyati Bhandari,Updated: 10 Nov, 2026 03:25 PM

Dattopant Thengadi: जानिए दत्तोपंत ठेंगड़ी की जीवनी, जिन्होंने 1955 में भारतीय मजदूर संघ (BMS) की स्थापना की, आपातकाल में संघर्ष किया और 2002 में पद्मभूषण अस्वीकार कर सिद्धांतों की मिसाल कायम की।
Dattopant Thengadi: दत्तोपंत ठेंगड़ी का जन्म 10 नवम्बर, 1920 को दीपावली के दिन महाराष्ट्र के वर्धा जिले के आर्वी गांव में पिता सुप्रसिद्ध अधिवक्ता बापूराव दाजीबा ठेंगड़ी और माता जानकी देवी के यहां हुआ। बाल्यकाल से ही उनकी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता की चर्चा होती थी। 1935 में वह आर्वी तालुका की ‘वानर सेना’ के अध्यक्ष बने। अगले वर्ष विद्यालय के छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गए। 1936 में उन्होंने नागपुर के मौरिस कॉलेज में प्रवेश लिया और स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद लॉ कॉलेज से एल.एल.बी. की उपाधि प्राप्त की।
पिता उन्हें वकील बनाना चाहते थे, लेकिन 1941 में वह संघ के प्रचारक बन गए। शुरुआत में उन्हें केरल भेजा गया, जहां उन्होंने राष्ट्रभाषा प्रचार समिति का काम भी किया। बाद में बंगाल और असम में भी संगठन का कार्य किया। उन्होंने मजदूर क्षेत्र में काम शुरू किया। इसके लिए इंटक और शेतकरी कामगार फैडरेशन जैसे संगठनों में जाकर कार्यप्रणाली को समझा।
वह पश्चिम के अंधानुकरण के भी खिलाफ थे। पश्चिमी होना आधुनिक होना नहीं होता, वह यही मानते थे। हमारी जो पीढ़िया पश्चिमी विचारों को बेहतर मानती हैं, उनमें अपनी संस्कृति को हीन मानने की प्रवृत्ति आ गई है। जरूरत है ऐसे मजदूर संगठन की जो भारत के रहन-सहन, संस्कृति और परम्पराओं के दायरे में रहकर मजदूरों की समस्याओं के समाधान ढूंढे न कि रूस और चीन के आधार पर।
साम्यवादी विचारधारा की सीमाओं को देखते हुए उन्होंने 23 जुलाई, 1955 को ‘भारतीय मजदूर संघ’ की स्थापना की। यह एक अराजनीतिक संगठन था। इसका नारा था, ‘देश के हित में करेंगे काम, काम के लेंगे पूरे दाम।’
इसके माध्यम से उन्होंने श्रमिकों को राष्ट्रहित और श्रम के सम्मान की नई दिशा दी। इसी विचारधारा से प्रेरित होकर 17 सितम्बर को विश्वकर्मा जयंती को श्रमिक दिवस के रूप में मनाने की परम्परा आगे बढ़ी। वह 1964 से 1976 तक दो बार राज्यसभा के सदस्य भी रहे।
26 जून, 1975 को आपातकाल लागू होने पर उन्होंने भूमिगत रहकर लोक संघर्ष समिति के सचिव के रूप में तानाशाही विरोधी आंदोलन संचालित किया। जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद भी उन्होंने सत्ता के बजाय मजदूर क्षेत्र में काम करना पसंद किया।
2002 में उन्होंने पद्मभूषण सम्मान यह कहते हुए ठुकरा दिया कि जब तक डॉ. हेडगेवार और श्री गुरुजी को भारत रत्न नहीं मिलता, वह कोई अलंकरण स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने हिन्दी में 28, अंग्रेजी में 12 और मराठी में तीन पुस्तकें लिखीं। इनमें ‘लक्ष्य और कार्य’, ‘एकात्म मानव दर्शन’, ‘ध्येय-पथ’, ‘राष्ट्रीय श्रम दिवस’, ‘कम्युनिज्म अपनी ही कसौटी पर’ और ‘थर्ड वे’ प्रमुख हैं। 14 अक्तूबर 2004 को उनका स्वर्गवास हो गया।