Edited By Niyati Bhandari,Updated: 18 Nov, 2026 11:31 AM

भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मनीला स्थित ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में माथा टेकने, अरदास करने और उसके पुनर्विकास की आधारशिला रखने को सिख गुरुओं की परंपरा तथा वैश्विक सिख समुदाय के...
चंडीगढ़ (हरिश्चंद्र): भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मनीला स्थित ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में माथा टेकने, अरदास करने और उसके पुनर्विकास की आधारशिला रखने को सिख गुरुओं की परंपरा तथा वैश्विक सिख समुदाय के प्रति उनकी गहरी आस्था का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि विदेश की धरती पर ऐतिहासिक गुरुद्वारे में शीश नवाना और उसके पुनर्विकास की नींव रखना महज औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता और सिख विरासत को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलवाने के संकल्प का प्रमाण है। चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सिख समाज से जुड़ाव केवल आयोजनों तक सीमित नहीं है। करतारपुर साहिब कॉरीडोर खोलने, वीर बाल दिवस के माध्यम से साहिबजादों के बलिदान को राष्ट्रीय पहचान दिलवाने और अफगानिस्तान संकट के दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों को सम्मानपूर्वक भारत लाने जैसे कदम इस प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। संकट में फंसे सिख परिवारों की सुरक्षित निकासी भी इसी का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि मनीला के खालसा दीवान गुरुद्वारे का पुनर्विकास मोदी सरकार के ‘विकास भी, विरासत भी’ के दृष्टिकोण का उदाहरण है। आधुनिक विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, सेवा और संगत की परंपरा को मजबूत करेगा।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ