‘प्रताप’ का फर्स्ट लुक रिलीज, दमदार पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखे अमित साध

Edited By Updated: 16 Sep, 2026 04:15 PM

amit sadh turns fearless cop in pratap first look

अमित साध स्टारर थ्रिलर फिल्म ‘प्रताप’ का फर्स्ट लुक रिलीज हो गया है। फिल्म में अमित साध दमदार पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आ रहे हैं। सचिन सराफ के निर्देशन में बनी यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्रदीप रंगवानी और यूवी फिल्म्स ने अपनी आगामी थ्रिलर फिल्म ‘प्रताप’ का फर्स्ट लुक जारी कर दिया है। इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान किया है। अमित साध स्टारर यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फर्स्ट लुक पोस्टर में अमित साध एक दमदार पुलिस अधिकारी के अवतार में नजर आ रहे हैं। हाथ में बंदूक लिए उनका सख्त और गंभीर अंदाज फिल्म की कहानी में छिपे तनाव और खतरे की ओर इशारा करता है।

‘इस बार निशाना बाहर नहीं, भीतर है’
फिल्म के पोस्टर में टूटी हुई दुनिया और बिखरे कांच के बीच अमित साध के किरदार को दिखाया गया है। वहीं पोस्टर पर लिखी टैगलाइन ‘इस बार निशाना बाहर नहीं, भीतर है’ कहानी को लेकर रहस्य और उत्सुकता बढ़ाती है। विजुअल्स से संकेत मिलता है कि फिल्म की दुनिया में हर चीज वैसी नहीं है, जैसी पहली नजर में दिखाई देती है। मेकर्स ने फर्स्ट लुक के जरिए कहानी के कई पहलुओं को फिलहाल पर्दे के पीछे रखा है।

कानून के रखवाले के सामने खड़ी होगी बड़ी चुनौती
सचिन सराफ द्वारा लिखित और निर्देशित ‘प्रताप’ एक सम्मानित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की कहानी है। उसकी जिंदगी उस समय पूरी तरह बदल जाती है, जब उसे उसी कानून का सामना करना पड़ता है जिसकी रक्षा और पालन वह वर्षों से करता आया है। फिल्म कर्तव्य, वफादारी और कानून के साथ-साथ उसे लागू करने वालों के बीच पैदा होने वाले संघर्ष को एक थ्रिलर के रूप में पेश करती है। कहानी में पुलिस अधिकारी के सामने आने वाली परिस्थितियां उसे अपने ही सिस्टम के खिलाफ खड़ा करती नजर आएंगी।

ईशा देओल से तिग्मांशु धूलिया तक दमदार स्टारकास्ट
फिल्म में अमित साध के साथ ईशा देओल, तिग्मांशु धूलिया, मिलिंद गुणाजी और सीमा बिस्वास भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फर्स्ट लुक पोस्टर में फिल्म के प्रमुख किरदारों को टूटे हुए कांच की विजुअल शैली के जरिए पेश किया गया है, जो कहानी की जटिल और रहस्यमयी दुनिया की झलक देता है। फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके फर्स्ट लुक ने कहानी को लेकर उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है कि आखिर जो शख्स अब तक अपने लक्ष्य का पीछा करता आया है, क्या अब वही खुद किसी का निशाना बन चुका है।

 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!