Edited By Mansi,Updated: 28 Nov, 2026 04:29 PM
अर्जित तनेजा और पुलकित मकोल की वेब सीरीज किसका कसूर का ट्रेलर रिलीज हो गया है। भाईचारे, धोखे और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित यह सीरीज 2 दिसंबर 2026 से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्यार, भाईचारा और परिवार के रिश्ते कई बार ऐसे मोड़ पर पहुंच जाते हैं, जहां अपनों पर भरोसा करना भी मुश्किल हो जाता है। इसी उलझन और रिश्तों के बीच छिपे धोखे की कहानी लेकर नई वेब सीरीज ‘किसका कसूर’ दर्शकों के सामने आने वाली है। प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी MX ओरिजिनल सीरीज का ट्रेलर जारी कर दिया है। यह एक फैमिली क्राइम ड्रामा है, जिसमें दो भाइयों की कहानी के जरिए त्याग, वफादारी, नाराजगी और बदले की भावनाओं को दिखाया जाएगा।
भाई की गलती की सजा भुगतेगा अनुज
सीरीज का ट्रेलर जुड़वां भाइयों आदित्य और अनुज की जिंदगी की झलक दिखाता है। दोनों एक ही परिवार का हिस्सा हैं, लेकिन घर में उनके साथ होने वाला व्यवहार बिल्कुल अलग है। आदित्य परिवार का लाडला है, जिसे हर कोई सही मानता है। वहीं अनुज को अक्सर परिवार की परेशानियों का जिम्मेदार ठहराया जाता है।
कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब एक हादसे के बाद अनुज अपने भाई आदित्य को बचाने के लिए उसकी गलती की जिम्मेदारी खुद ले लेता है। इसके चलते उसे दो साल जेल में बिताने पड़ते हैं। लेकिन जेल से बाहर आने के बाद उसकी जिंदगी पहले जैसी नहीं रहती। भाई के लिए किए गए इस त्याग के बदले उसे रिश्तों में दूरी, नाराजगी और धोखे का सामना करना पड़ता है।
जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, परिवार के पुराने राज सामने आने लगते हैं। ऐसे में दोनों भाइयों के बीच भरोसे की जगह शक और टकराव लेने लगता है। अब सवाल यह है कि आदित्य और अनुज के बीच आखिर कौन किसका अपना है और जब सारे सच सामने आएंगे, तो असली गुनहगार कौन निकलेगा?
अर्जित तनेजा और पुलकित मकोल निभाएंगे अहम किरदार
‘किसका कसूर’ में अर्जित तनेजा, पुलकित मकोल, प्रणाली राठौड़, कशिश कपूर, विवेक मुश्रान और सुचेता त्रिवेदी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सीरीज का निर्देशन अजय भूयान ने किया है, जिन्हें ‘रक्षक 2’ और ‘मत्स्य कांड’ जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए जाना जाता है। इसका निर्माण टेम्पल बेल्स फिल्म्स के बैनर तले प्रत्युषा जयप्रकाश और उज्ज्वल आनंद ने किया है।
अर्जित तनेजा ने बताया अपने किरदार का अनुभव
अपने किरदार अनुज के बारे में बात करते हुए अर्जित तनेजा ने बताया कि उसका अपने परिवार के साथ रिश्ता हमेशा से मुश्किलों भरा रहा है। उसे जिंदगीभर दूसरों के फैसलों और तुलना का सामना करना पड़ा है। हालांकि, उसके बागी स्वभाव के पीछे एक ऐसा इंसान है, जो अपने करीबियों से बेहद प्यार करता है। भाई को बचाने के लिए उसकी गलती अपने सिर लेने का फैसला अनुज की पूरी जिंदगी बदल देता है। अर्जित के मुताबिक, इस किरदार में गुस्सा, दर्द और खुद को साबित करने की कोशिश जैसे कई भावनात्मक पहलू हैं, जिन्हें पर्दे पर निभाना उनके लिए खास अनुभव रहा।
वहीं, पुलकित मकोल ने कहा कि इस सीरीज में हर किरदार की अपनी अहमियत है। आदित्य और अनुज के रिश्ते के अलग-अलग पहलुओं को समझना और उन्हें अभिनय के जरिए दिखाना उनके लिए दिलचस्प रहा। उन्होंने निर्देशक अजय भूयान और पूरी टीम के साथ काम करने के अनुभव को भी यादगार बताया।
प्रणाली राठौड़ निभाएंगी ब्यूटी का किरदार
सीरीज में ब्यूटी की भूमिका निभा रहीं प्रणाली राठौड़ ने बताया कि उनका किरदार दो भाइयों के बीच उलझे रिश्तों में प्यार, वफादारी और सच्चाई के टकराव से गुजरता है। कहानी में उसके किरदार के कई अलग-अलग पहलू सामने आएंगे। प्रणाली के लिए यह प्रोजेक्ट इसलिए भी खास है, क्योंकि इसके जरिए वह पहली बार किसी स्ट्रीमिंग सीरीज में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को उनका यह नया अंदाज पसंद आएगा।
2 दिसंबर से होगी स्ट्रीमिंग
प्राइम वीडियो इंडिया में AVOD कंटेंट के डायरेक्टर और हेड अमोघ दुसाद ने सीरीज को लेकर कहा कि ‘किसका कसूर’ पारिवारिक रिश्तों की जटिलताओं को अपराध और रहस्य की कहानी के साथ जोड़ती है। इसमें दिखाया गया है कि परिवार की उम्मीदें, आपसी भरोसा और व्यक्तिगत फैसले किस तरह रिश्तों को प्रभावित कर सकते हैं।
यह MX ओरिजिनल सीरीज 2 दिसंबर 2026 से प्राइम वीडियो और प्राइम वीडियो के MX प्लेयर एंड्रॉयड ऐप पर स्ट्रीम होगी। दर्शक इसे मोबाइल फोन, कनेक्टेड टीवी, अमेजन शॉपिंग ऐप और फायर टीवी समेत कई प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे।