Edited By Tanuja,Updated: 21 Oct, 2026 05:28 PM

ऑस्ट्रेलिया की निर्दलीय सांसद हेलेन हेन्स को वांगराट्टा में कार से टक्कर मारने के बाद दोनों पैर गंवाने पड़े हैं। 65 वर्षीय सांसद मेलबर्न के अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपी ब्रेंडन नूजंट को फरवरी तक हिरासत में रखा गया है। पुलिस अभी हमले का मकसद पता नहीं...
Melbourne: ऑस्ट्रेलिया में परोक्ष तौर पर राजनीतिक हिंसा में एक कार से कई बाद टक्कर मारे जाने से गंभीर रूप से घायल होने के बाद सांसद हेलेन हेन्स के दोनों पैर काटने पड़े और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सांसद के पति ने बुधवार को यह जानकारी दी। निर्दलीय सांसद हेलेन हेन्स (65) को हवाई मार्ग से मेलबर्न के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार जारी है। सोमवार को वांगराट्टा में एक टोयोटा लैंड क्रूजर की टक्कर से सांसद के घायल होने के बाद उनके परिवार की ओर से बुधवार को पहली बार सार्वजनिक बयान जारी किया गया। पुलिस के अनुसार, 65 वर्षीय हेलेन हेन्स को वांगाराटा में उनके चुनावी क्षेत्र के कार्यालय के बाहर टोयोटा लैंड क्रूजर एसयूवी ने टक्कर मार कर घायल कर दिया था। घटना के बाद प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने आशंका जताई कि यह महज दुर्घटना नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया कृत्य हो सकता है।
सांसद के पति फिल हेन्स का यह बयान खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर एक संघीय सांसद को जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाने के आरोपी ब्रेंडन नूजंट (43) को अदालत में पहली बार पेश किए जाने के कुछ घंटे बाद आया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने सोमवार को हेलेन का बायां पैर काट दिया था और उनका दायां पैर बचाने के कई प्रयास विफल रहने के बाद बुधवार को उसे भी काटना पड़ा। फिल हेन्स ने मेलबर्न में संवाददाताओं से कहा, "राहत की बात है कि हेलेन बच गई हैं और उनकी हालत स्थिर है। हमारे परिवार के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण बात है।" उन्होंने कहा, "हम ईश्वर के आभारी हैं कि इस स्थिति में भी उनका दिल और दिमाग, दोनों ठीक स्थिति में है।" इससे पहले बुधवार को पास के तर्राविंगी निवासी नूजंट को वांगराट्टा की मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया।
उस पर जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाने, खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर गंभीर चोट पहुंचाने और एक संघीय अधिकारी को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। नूजंट ने न तो जमानत की अर्जी दी और न ही कोई याचिका दायर की। फरवरी में अदालत में अगली पेशी तक उसे हिरासत में रखा जाएगा। पुलिस इस घटना के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं लगा पायी है। नूजंट के वकील चिराग पटेल ने मजिस्ट्रेट एलिसन वॉन को बताया कि उनके मुवक्किल संभावित तौर पर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन कभी किसी जांच में उन्हें मानसिक स्वास्थ्य संबंधी कोई दिक्कत होने का पता नहीं चला है।