ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के युद्धपोत में मिला गुप्त कैमरा; महिला नाविकों के निजी पलों की रिकार्डिंग का संदेह, जांच के लिए रोका गया जहाज

Edited By Updated: 15 Oct, 2026 03:40 PM

hidden camera found aboard australian navy ship sparks military police probe

ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड में नौसेना के जहाज एचएमएएस ल्यूविन के केबिन में छिपा वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरण मिला है। महिला नाविकों की गुप्त रिकॉर्डिंग किए जाने की आशंका के बीच सैन्य पुलिस जांच कर रही है। रक्षा विभाग ने जहाज को बंदरगाह पर रोककर चालक दल को...

Queensland: ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के जहाज HAMAS ल्यूविन में छिपा हुआ वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरण मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और महिला नाविकों की निजता को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल ने बुधवार को पुष्टि की कि रविवार को क्वींसलैंड के केर्न्स में खड़े जहाज के एक केबिन में यह उपकरण मिला था। यह मामला उस समय सामने आया, जब ऑस्ट्रेलिया की स्वतंत्र सीनेटर जैकी लैम्बी ने संसद में महिला नाविकों के स्नानघर में छिपे कैमरे मिलने से संबंधित आरोपों को उठाया। पूर्व सैन्यकर्मी और रक्षा मामलों की पैरोकार लैम्बी ने बुधवार को सीनेट में कहा कि कुछ सैन्यकर्मियों ने उनसे संपर्क कर इस घटना को लेकर चिंता जताई थी। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने यह भी दावा किया कि जांच के चलते जहाज की समुद्री यात्रा रोक दी गई है।

 

लैम्बी ने सवाल उठाया कि क्या महिला नाविकों को उनकी जानकारी और सहमति के बिना रिकॉर्ड किया गया और क्या ऐसी कोई तस्वीरें या वीडियो सुरक्षित रखे गए अथवा इंटरनेट पर साझा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नौसेना को यह स्पष्ट करना चाहिए कि अब तक कितनी महिला नाविक अनजाने में अपनी निजी गतिविधियों की रिकॉर्डिंग का शिकार हुई हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या ऐसी कोई सामग्री इंटरनेट पर अपलोड या प्रसारित की गई है। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई रक्षा विभाग ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि रिकॉर्डिंग उपकरण महिला नाविकों के लिए निर्धारित किसी विशेष स्थान पर मिला था या नहीं। इसलिए महिला नाविकों की गुप्त रिकॉर्डिंग और वीडियो के प्रसार से संबंधित आशंकाओं की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

 

ऑस्ट्रेलियाई रक्षा विभाग ने बताया कि घटना की जांच संयुक्त सैन्य पुलिस इकाई को सौंप दी गई है। विभाग ने कहा कि वह इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है और किसी भी तरह के अस्वीकार्य व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करता। विभाग के अनुसार, जांच में बाधा न आए और जहाज के चालक दल के सदस्यों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके, इसके लिए जहाज को बंदरगाह पर ही रखा गया है। रक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उनका कल्याण उसकी प्राथमिकता है तथा उन्हें आवश्यक सहायता दी जा रही है। ऑस्ट्रेलियाई रक्षा विभाग ने मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा करने से इनकार कर दिया। विभाग के अनुसार, जांच जारी है और प्रभावित लोगों की निजता की रक्षा करना जरूरी है।फिलहाल जांच का मुख्य उद्देश्य रिकॉर्डिंग उपकरण मिलने की परिस्थितियों का पता लगाना और यह निर्धारित करना है कि उसका इस्तेमाल किसी की निजी गतिविधियों को रिकॉर्ड करने के लिए किया गया था या नहीं।
 
 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!