अमेरिका पर 'डर्टी बम' गिराने की फिराक में ईरान; ट्रंप के अफसरों को मारने का भी प्लान, खुफिया रिपोर्ट से मचा हड़कंप

Edited By Updated: 17 Nov, 2026 12:43 PM

exclusive iran developing plans to potentially detonate a dirty bomb in us

अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान वॉशिंगटन में ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को डर्टी बम या रासायनिक हथियार से निशाना बनाने के विकल्प तलाश रहा है। व्हाइट हाउस ने तत्काल खतरे से इनकार किया है। ईरान ने रासायनिक हथियारों के आरोपों को खारिज किया है।...

Washington: अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव के बीच एक नई खुफिया रिपोर्ट ने वॉशिंगटन में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अमेरिकी समाचार चैनल सीएनएन की विशेष रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने के लिए अमेरिकी राजधानी में डर्टी बम या रासायनिक हथियार से हमला करने की योजनाओं पर विचार कर रहा है। सीएनएन ने सात अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इसे तत्काल हमले की तैयारी के बजाय संभावित जवाबी कार्रवाई के विकल्प तैयार करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। खुफिया जानकारी में कथित तौर पर हमले के लिए कुछ खास स्थानों और संभावित लक्ष्यों का भी उल्लेख है। इस खुलासे के बाद अमेरिकी प्रशासन में कई उच्चस्तरीय बैठकें हुई हैं और संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयारियां तेज की गई हैं। 
  

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने  कहा कि प्रशासन सभी संभावित खतरों पर नजर रख रहा है, लेकिन फिलहाल अमेरिकी धरती के लिए कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है। उनका कहना था कि अमेरिका किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए सतर्क है। अमेरिकी अधिकारियों के बीच इस बात को लेकर भी मतभेद हैं कि ईरान के पास अमेरिका में इस तरह का हमला करने के लिए जरूरी लोग और संसाधन मौजूद हैं या नहीं। एक अधिकारी ने इसे सावधानी के तौर पर की जा रही तैयारी बताया है। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने ऐसी बातचीत भी पकड़ी है जिसमें कथित तौर पर ईरान की ओर से बम बनाने की सामग्री पहले ही अमेरिका में छिपाकर रखे जाने का दावा किया गया। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों में इस जानकारी की विश्वसनीयता को लेकर भी मतभेद हैं। 
 


सैन्य आवास में शिफ्ट किए गए ट्रेजरी सचिव
खुफिया रिपोर्ट के बीच ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की सुरक्षा भी बढ़ाई जा रही है। सीएनएन के अनुसार, ईरान से जुड़े खतरों के मद्देनजर अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को पिछले सप्ताह सुरक्षा कारणों से सैन्य आवास में स्थानांतरित किया गया था।अधिकारियों का मानना है कि ईरान की हमला करने की क्षमता में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है, लेकिन मौजूदा युद्ध और शासन की सुरक्षा को लेकर बढ़ते दबाव के कारण उसकी मंशा में बदलाव की आशंका है। अमेरिकी एजेंसियां इस बात का आकलन कर रही हैं कि ईरान किस हद तक अपने जवाबी विकल्पों को अमल में ला सकता है। 
 


क्या होता है डर्टी बम और परमाणु बम से कितना अलग

  • डर्टी बम को रेडियोधर्मी हथियार भी कहा जाता है।
  • यह पारंपरिक परमाणु बम से बिल्कुल अलग होता है।
  • इसमें सामान्य विस्फोटक के साथ रेडियोधर्मी पदार्थ का इस्तेमाल किया जाता है।
  • ताकि विस्फोट के बाद आसपास के इलाके में रेडियोधर्मी प्रदूषण फैल सके।
  • इसमें परमाणु बम की तरह परमाणु विस्फोट नहीं होता।
  • इसका मुख्य उद्देश्य बड़े पैमाने पर तबाही मचाने के बजाय लोगों में डर पैदा करना और सामान्य जनजीवन बाधित करना होता है।
  • विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे हमले में शुरुआती नुकसान का बड़ा हिस्सा विस्फोट से हो सकता है। 
  •  जबकि रेडियोधर्मी पदार्थ के फैलने से प्रभावित क्षेत्र को खाली कराना और उसकी सफाई करना बड़ी चुनौती बन सकता है।
  • इसे सटीक निशाना साधने वाले हथियार के बजाय आतंक और अस्थिरता फैलाने का माध्यम माना जाता है। 

 
 अमेरिकी सैनिकों पर रासायनिक हमले की भी आशंका
अमेरिकी खुफिया एजेंसियां केवल वॉशिंगटन में संभावित हमले को लेकर ही चिंतित नहीं हैं। सीएनएन के अनुसार, अधिकारियों को ऐसी खुफिया जानकारी भी मिली है कि ईरान मध्य पूर्व में तैनात अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल पर विचार कर सकता है। इस आशंका को देखते हुए क्षेत्र में तैनात अमेरिकी राजनयिकों और खुफिया अधिकारियों के लिए सुरक्षा उपकरणों और विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है। कुछ अधिकारियों ने अमेरिकी सैनिकों के पास रासायनिक हमले से बचाव के लिए पर्याप्त उपकरण और प्रशिक्षण होने को लेकर चिंता जताई है। 
 

ईरान ने आरोपों को बताया झूठा
ईरान ने रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की योजना से जुड़े आरोपों को खारिज किया है। संयुक्त राष्ट्र में ईरान के मिशन के प्रवक्ता ने कहा कि उनका देश किसी भी परिस्थिति में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल को पूरी तरह अवैध मानता है और इस संबंध में लगाए गए आरोप झूठे और मनगढ़ंत हैं।हालांकि, ईरान के प्रवक्ता ने कथित डर्टी बम योजना पर सीधे कोई टिप्पणी नहीं की। दूसरी ओर, अमेरिकी रक्षा विभाग ने इस मामले में राष्ट्रीय खुफिया निदेशक कार्यालय का हवाला दिया, जिसने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। 
 

होर्मुज की नाकेबंदी और युद्ध के बीच बढ़ा तनाव
यह खुफिया रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष और आर्थिक नाकेबंदी को समाप्त करने की कोशिशें अब तक सफल नहीं हो पाई हैं। फरवरी 2026 में शुरू हुए संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ा है। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी टकराव जारी है।राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में दावा किया था कि युद्ध जल्द समाप्त हो सकता है, लेकिन अमेरिकी एजेंसियों की सुरक्षा तैयारियां बताती हैं कि पर्दे के पीछे खतरे को लेकर चिंता बनी हुई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तरह की खुफिया रिपोर्ट और जवाबी कार्रवाई की आशंकाएं दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत को और जटिल बना सकती हैं। 
 

  

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!