Edited By Pardeep,Updated: 24 Nov, 2026 09:01 PM

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह में एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय नागरिकों सहित 13 लोगों की मौत हो गई है। यह दर्दनाक हादसा अल वतन रोड पर एक यात्री बस और सड़क किनारे खड़े ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ।
दुबई: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह में एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय नागरिकों सहित 13 लोगों की मौत हो गई है। यह दर्दनाक हादसा अल वतन रोड पर एक यात्री बस और सड़क किनारे खड़े ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ।
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वह शोकाकुल परिवारों से संपर्क कर रहा है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटा है।
खराब ट्रक से टकराई 41 यात्रियों से भरी बस
स्थानीय समाचार पत्र 'खलीज टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, 41 यात्रियों को ले जा रही बस सड़क किनारे यांत्रिक खराबी (मैकेनिकल फॉल्ट) के कारण रुकी एक ट्रक से टकरा गई। यूएई के आंतरिक मंत्रालय ने शुरुआत में 11 मौतों की सूचना दी थी। हालांकि, 'गल्फ न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक बाद में अस्पताल में दो और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई, जबकि 14 अन्य लोग घायल हैं।
दूतावास ने जताया गहरा शोक
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर भारतीय मिशन ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए लिखा, "रास अल खैमाह में हुए दुखद सड़क हादसे से गहरा दुख हुआ है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई, जिनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।" भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए 24 घंटे चालू रहने वाला टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 800-46342 जारी किया है। इस हादसे में कितने भारतीय मारे गए या घायल हुए हैं, इसकी विस्तृत जानकारी अभी जुटाई जा रही है।
हाल ही में फुजैराह में भी हुआ था बड़ा हादसा
यह दुखद घटना यूएई के फुजैराह में 13 नवंबर की तड़के हुए एक अन्य बहु-वाहन सड़क हादसे के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है। फुजैराह हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें चार भारतीय शामिल थे। 23 वाहनों (ट्रक सहित) की उस भिड़ंत में 30 लोग घायल हुए थे, जिनमें 7 भारतीय नागरिकों के अलावा यूएई, जॉर्डन, पाकिस्तान, मिस्र, ओमान और ब्राजील के नागरिक शामिल थे।