Edited By vasudha,Updated: 25 Oct, 2019 03:20 PM
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने मरियम नवाज को उनके पिता एवं पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ यहां के एक प्रमुख अस्पताल में रखने के लिए निर्देश जारी किए हैं। मरियम को वापस जेल भेजने पर संघीय सरकार की आलोचना होने के बाद खान ने यह आदेश जारी...
इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने मरियम नवाज को उनके पिता एवं पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ यहां के एक प्रमुख अस्पताल में रखने के लिए निर्देश जारी किए हैं। मरियम को वापस जेल भेजने पर संघीय सरकार की आलोचना होने के बाद खान ने यह आदेश जारी किया है। मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गई है।
नवाज शरीफ की तबियत बिगड़ने पर कोट लखपत जेल से उनसे मिलने आई मरियम के खुद भी बीमार पड़ जाने के बाद उन्हें बुधवार को लाहौर के सर्विसेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मरियम (45) को वीवीआईपी-2 वार्ड में भर्ती कराया गया जबकि उनके पिता वीवीआईपी-1 वार्ड में भर्ती थे। कुछ जांच के बाद मरियम को वापस जेल भेज दिया गया।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की उपाध्यक्ष मरियम को पिछले महीने जवाबदेही अदालत ने धनशोधन के एक मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। बुधवार को उनकी हिरासत की अवधि को दो और दिन के लिए बढ़ा दिया गया था।
जियो टीवी ने खबर दी कि पंजाब के गवर्नर मोहम्मद सरवार ने वीरवार को कहा कि खान ने मरियम और शरीफ की सेहत पर जानकारी मांगी थी। उन्होंने मरियम को शरीफ के साथ अस्पताल में रखने के लिए कानूनी जरूरतों को पूर करने के निर्देश जारी किए। खबर में कहा गया कि सूत्रों ने दावा किया है कि खान ने पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बजदार से भी बात की और मरियम को उनके पिता के साथ अस्पताल में रखने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।