Edited By ,Updated: 17 Apr, 2017 11:11 AM
नेपाल और चीन ने रविवार(16 अप्रैल)से अपना पहला संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया है। इससे भारत की चिंताएं बढ़ सकती हैं। चीन के अभ्यास को इस हिमालयी ...
काठमांडू: नेपाल और चीन ने रविवार(16 अप्रैल)से अपना पहला संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया है। इससे भारत की चिंताएं बढ़ सकती हैं। चीन के अभ्यास को इस हिमालयी देश के साथ उसके सैन्य कूटनीति के विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है।
नेपाल और चीन का पहला साझा सैन्य अभ्यास
बता दें कि नेपाल सेना लंबे समय से भारतीय और अमरीकी सेना के साथ ही अभ्यास करती आ रही है। लेकिन यह पहला मौका है, जब वह चीन के साथ सैन्य अभ्यास कर रही है। नेपाली सेना के प्रवक्ता झंकार बहादुर ने बताया कि चीनी सैनिकों का एक छोटा दल और उतने ही नेपाली सैनिक पहली बार सैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं।
25 अप्रैल तक चलेगा ‘सागरमाथा फ्रेंडशिप-2017’
नेपाल सेना ने बताया कि 10 दिन तक चलने वाला ‘सागरमाथा फ्रेंडशिप-2017’ नामक ये अभ्यास25 अप्रैल तक चलेगा। सागरमाथा माउंट एवरेस्ट का नेपाली नाम है। माउंट एवरेस्ट दुनिया की सबसे ऊंची चोटी है जो नेपाल और चीन के बीच की सीमा पर है। दोनों देश यह अभ्यास दुनिया के लिए खतरा बने आतंकवाद से मुकाबले में अपनी तैयारी के लिए कर रहे हैं।संयुक्त सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेने के लिए चाइनीज पीपल्स लिबरेशन आर्मी का दस्ता पहुंचा है।
गौरतलब है कि नेपाल ने संयुक्त सैन्य अभ्यास का प्रस्ताव 24 मार्च को काठमांडू आए चीन के रक्षा मंत्री जनरल चांग वांक्यूआन के समक्ष किया था।