'आप' नेताओं ने केजरीवाल के समर्थन में सोशल मीडिया मंच पर शुरू किया अभियान

Edited By Parveen Kumar,Updated: 22 Mar, 2024 08:50 PM

aap leaders started campaign on social media platform in support of kejriwal

आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और विधायकों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के वास्ते समर्थन जुटाने के लिए शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक अभियान शुरू किया।

नेशनल डेस्क : आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और विधायकों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के वास्ते समर्थन जुटाने के लिए शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक अभियान शुरू किया। ‘आप' नेताओं ने हैशटैग अभियान ‘‘आई स्टैंड विद केजरीवाल'' और ‘‘इंडिया विद केजरीवाल'' शुरू किया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में बृहस्पतिवार रात केजरीवाल को गिरफ्तार किया था।

‘इंडिया' गठबंधन में शामिल ‘आप' के सहयोगियों ने भी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को समर्थन दिया है और उनकी गिरफ्तारी की निंदा की है। सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, दुर्गेश पाठक, शैली ओबेरॉय, जैस्मीन शाह और संजीव झा सहित ‘आप' के कई नेताओं ने ‘एक्स' पर अपने पोस्ट में ‘‘आई स्टैंड विद केजरीवाल'' और ‘‘इंडिया विद केजरीवाल'' हैशटैग का इस्तेमाल किया। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने अलीपुर पुलिस थाने से अपना और ‘आप' के कई अन्य कार्यकर्ताओं का ‘मेरा रंग दे बसंती चोला' गाते हुए एक वीडियो ‘एक्स' पर पोस्ट किया। केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में लिया था।

उन्होंने एक अलग पोस्ट में लिखा, ‘‘किसी भी तानाशाह की जेल इतनी मजबूत नहीं है कि लोकतंत्र को लंबे समय तक कैद रख सके।'' ‘आप' के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने भी अपने पति के ‘एक्स' हैंडल का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और केजरीवाल को अपना समर्थन दिया। उन्होंने लिखा, ‘‘अब देश की जनता से एक ही उम्मीद है, भाजपा की तानाशाह सरकार को हटाना है और देश के लोकतंत्र को बचाना है।'' संजय सिंह आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं।

दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने ‘इंडिया विद केजरीवाल' टैगलाइन के साथ केजरीवाल का एक पोस्टर साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘‘पूरा देश दिल्ली के बेटे के साथ खड़ा है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक केजरीवाल के समर्थन में आवाजें उठ रही हैं। देश की राजनीति बदलने वाले कट्टर देशभक्त को देश की जनता अकेला नहीं छोड़ेगी।'' पश्चिमी दिल्ली से ‘आप' के लोकसभा उम्मीदवार महाबल मिश्रा ने उनकी तुलना भगत सिंह से करते हुए लिखा, ‘‘हर भगत सिंह के लिए, सड़कों पर लाखों भगत सिंह थे।

इसी तरह, हर केजरीवाल के वास्ते, मोदी की तानाशाही को समाप्त करने के लिए लाखों केजरीवाल सामने आएंगे।'' नई दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार सोमनाथ भारती ने पार्टी नेता की गिरफ्तारी के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया और साथ ही चुनावी बॉण्ड योजना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस के नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता सीताराम येचुरी समेत कई नेताओं ने केजरीवाल के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए।

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!