Edited By Yaspal,Updated: 17 Aug, 2019 08:14 PM
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विमान कंपनी एयर इंडिया ने भी एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल, उत्तरी ध्रुव पर उड़ान भरने वाली देश की पहली एयरलाइन बन गई है। नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाले एयर इंडिया...
बिजनेस डेस्कः स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विमान कंपनी एयर इंडिया ने भी एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल, उत्तरी ध्रुव पर उड़ान भरने वाली देश की पहली एयरलाइन बन गई है। नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाले एयर इंडिया बोइंग-777 एयरक्राफ्ट ने गुरुवार को उत्तरी ध्रुव के ऊपर से उड़ान भरी।
यह रास्ता सैन फ्रांसिस्को जाने वाले सामान्य रास्ते के मुकाबले छोटा लेकिन चुनौतीपूर्ण है। इस नए रूट से उड़ान के समय में करीब डेढ़ घंटे की कमी आएगी, साथ ही हर उड़ान पर 2000 से 7000 किलो ईंधन की बचत भी होगी। उड़ान का समय अब 15 घंटे के बजाय 13 घंटे हो जाएगा।
एयर इंडिया की दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को की फ्लाइट गुरुवार को 243 यात्रियों के साथ पाकिस्तान, अफगानिस्तान, कजाकिस्तान, रूस के ऊपर से उड़कर 12.27 बजे उत्तरी ध्रुव से गुजरी। सामान्य रास्ता बांग्लादेश, म्यांमार, चीन और जापान होकर जाता है और प्रशांत महासागर पार करने के बाद अमेरिका में प्रवेश मिलता है।
उत्तरी ध्रुव के ऊपर से उड़ान भरने की चुनौती उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने देश की सभी एयरलाइनों के सामने रखी थी। इस बारे में छह अगस्त को सर्कुलर भी जारी किया गया था, लेकिन एयर इंडिया के अलावा किसी निजी एयरलाइन ने इसके लिए हिम्मत नहीं दिखाई।
इस कीर्तिमान के साथ एयर इंडिया अमेरिका के लिए तीनों रूटों का इस्तेमाल करने वाली विश्व की पहली एयरलाइन बन गई। अभी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की एतिहाद एयरलाइन ही अमेरिका जाने के लिए उत्तरी ध्रुव के रास्ते का इस्तेमाल करती है।