रांची: सरकार-छात्रों में वार्ता के बीच सड़क पर उतरे ABVP कार्यकर्ता, सीएम आवास की बढ़ाई गई सुरक्षा

Edited By Updated: 08 Aug, 2026 02:35 PM

amidst talks between the government and students in ranchi abvp activists

JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड में छात्रों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है।

रांची: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड में छात्रों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को एक ओर जहां अभ्यर्थियों और राज्य सरकार के बीच दूसरे दौर की बातचीत हुई, वहीं दूसरी ओर ABVP के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। ABVP कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रांची पुलिस ने भारी सुरक्षा बल और बैरिकेडिंग तैनात की थी। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनातनी की स्थिति बन गई।

बैरिकेडिंग के सामने प्रदर्शन

मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने से रोके जाने के बाद कुछ ABVP कार्यकर्ता सड़क पर ही लेट गए। वहीं, कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस की गाड़ी पर भी चढ़ गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट समाधान जरूरी है।

एक तरफ स्टेडियम में अभ्यर्थी, दूसरी तरफ सड़क पर ABVP

JPSC-JSSC विवाद को लेकर रांची में शनिवार को छात्र आंदोलन के दो अलग-अलग दृश्य देखने को मिले। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर जुटे रहे, जबकि ABVP कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च निकालकर सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की। छात्रों का कहना है कि परीक्षा से जुड़ी अनिश्चितता उनके भविष्य पर सीधा असर डाल रही है। लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह का विवाद मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ाने वाला है। यही वजह है कि छात्र अब सड़क से लेकर बातचीत की मेज तक अपनी आवाज उठा रहे हैं।

आज हुई दूसरे दौर की बातचीत

इसी बीच शनिवार को अभ्यर्थियों और राज्य सरकार के बीच दूसरे दौर की बातचीत भी हुई। रांची के स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार के प्रतिनिधियों और 'JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच' के आठ सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच करीब एक घंटे तक चर्चा चली। बैठक में छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों, पारदर्शिता और परीक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर अपनी मांगें सरकार के सामने रखीं। बातचीत के बाद छात्र प्रतिनिधियों ने बैठक को सकारात्मक बताया और उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी।

छात्रों के भविष्य से जुड़ा है पूरा विवाद

JPSC और JSSC की परीक्षाएं झारखंड के हजारों युवाओं के लिए सरकारी सेवा में जाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया को लेकर उठने वाले सवाल केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं रहते, बल्कि लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के भविष्य से सीधे जुड़े होते हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि परीक्षा प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए, ताकि मेहनत करने वाले छात्रों का भरोसा व्यवस्था पर बना रहे। फिलहाल एक ओर सरकार और अभ्यर्थियों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी है, तो दूसरी ओर सड़कों पर छात्र संगठनों का विरोध भी जारी है। अब निगाह इस बात पर है कि सरकार छात्रों की मांगों पर क्या निर्णय लेती है और क्या इस फैसले से लंबे समय से चले आ रहे आंदोलन को कोई समाधान मिल पाता है।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!