Edited By Parveen Kumar,Updated: 11 Nov, 2026 10:11 PM

डेयरी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) ने अमूल ब्रांड के दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें बृहस्पतिवार से लागू होंगी। जीसीएमएमएफ ने बुधवार को कहा कि दूध उत्पादन की लागत में...
नेशनल डेस्क : डेयरी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) ने अमूल ब्रांड के दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें बृहस्पतिवार से लागू होंगी। जीसीएमएमएफ ने बुधवार को कहा कि दूध उत्पादन की लागत में भारी वृद्धि के चलते उसे यह कदम उठाना पड़ रहा है। देशभर में अमूल दूध की कीमतों में चार से पांच प्रतिशत की वृद्धि की गई है। नई दरें 12 नवंबर, 2026 से लागू होंगी।
जीसीएमएमएफ ने कहा, ''सबसे अधिक बिकने वाले अमूल ताजा टोंड दूध (तीन प्रतिशत वसा) की कीमत में केवल दो रुपये प्रति लीटर (3.3 प्रतिशत) और अमूल गोल्ड दूध (छह प्रतिशत वसा) की कीमत में चार रुपये प्रति लीटर (5.5 प्रतिशत) की वृद्धि की गई है।'' कंपनी ने इससे पहले इस साल मई में दूध की कीमतें बढ़ाई थीं। जीसीएमएमएफ ने कहा कि दूध उत्पादन और प्रसंस्करण की लागत में भारी वृद्धि के कारण कीमतें बढ़ाने का फैसला किया गया है। उसने बताया कि इस साल हरे और सूखे चारे, खली, मक्का और शीरे जैसे पशु आहार के घटकों, दूध की पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
सहकारी संस्था ने कहा, ''गुजरात सहित देश के कई हिस्सों में कम और अनियमित बारिश के कारण मौजूदा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हमें दूध की खुदरा कीमतें बढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। इसके पीछे मकसद अपने दूध उत्पादकों को बेहतर कीमत देना है।''
जीसीएमएमएफ ने कहा कि उससे जुड़े सदस्य संघों ने पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीद की कीमतों में चार से पांच प्रतिशत की वृद्धि की है। कीमतों में इसी तरह की एक और बढ़ोतरी से किसानों को और मदद मिलेगी। उसने बताया कि अमूल की सहकारी व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं से मिलने वाले राजस्व का 80 प्रतिशत हिस्सा 36 लाख दुग्ध उत्पादकों को वापस किया जाता है। जीसीएमएमएफ ने कहा कि दूध की खुदरा कीमतों में हुई वृद्धि का बड़ा हिस्सा दूध उत्पादकों को मिलेगा और उन्हें दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।