Edited By Pardeep,Updated: 18 Oct, 2026 10:36 PM

मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना उस समय हुई जब टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर वापस लौट रहे थे।
मुंबई: मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना उस समय हुई जब टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर वापस लौट रहे थे। इस पूरी वारदात का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि महज 5 सेकंड के भीतर टाइगर की गाड़ी की ओर 5 राउंड गोलियां दागी गईं, जिनकी आवाज साफ सुनी जा सकती है।
बाल-बाल बचे टाइगर श्रॉफ, ड्राइवर और ऑटो चालक घायल
मुंबई पुलिस के अनुसार, इस हमले में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पूरी तरह से सुरक्षित हैं। हालांकि, ताबड़तोड़ फायरिंग में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर और पास में खड़े एक स्थानीय ऑटो-रिक्शा चालक को गोलियां लगी हैं और वे घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ऑडियो जारी कर ली जिम्मेदारी
इस जानलेवा हमले की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित और हरमन संधू ने ली है। उन्होंने एक ऑडियो संदेश जारी कर खुलेआम कहा, "जो आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है, इसकी जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं। इसको हमने कॉल करके समझाया था पर इसको समझ नहीं आई, इसलिए आज इसको बढ़िया तरह समझा दिया। जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा।"
छानबीन में जुटी मुंबई पुलिस
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की गहनता से जांच शुरू कर दी है।