महंगाई को लेकर कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला, पूछा- क्या यही है 'नारी वंदन'?

Edited By Updated: 29 Nov, 2026 04:23 PM

congress attacks modi government

कांग्रेस ने रविवार को महंगाई को लेकर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ने से महिलाओं के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। पार्टी ने सवाल किया कि क्या यही सरकार का 'नारी वंदन' है।

नई दिल्ली : कांग्रेस ने रविवार को महंगाई को लेकर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ने से महिलाओं के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। पार्टी ने सवाल किया कि क्या यही सरकार का 'नारी वंदन' है। कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक खबर साझा की जिसमें कहा गया था कि महंगाई का असर शादियों और त्योहारों पर भी पड़ रहा है। रमेश ने हिंदी में एक पोस्ट में कहा, ''पहले लोग अक्सर कहते थे कि दाल-रोटी खाकर गुजारा कर रहे हैं, लेकिन मोदी सरकार की महंगाई ने आम आदमी की थाली से वह दाल-रोटी भी छीन ली है।'' 

उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों की आमदनी लगभग स्थिर बनी हुई है, जबकि जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की बचत खत्म हो रही है और वे कर्ज लेने को मजबूर हो रहे हैं। रमेश ने महंगाई के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले एक साल में प्याज के दाम 98.36 प्रतिशत, चीनी के दाम 30 प्रतिशत, अरहर दाल के दाम 17.55 प्रतिशत, सूरजमुखी तेल के दाम 15.7 प्रतिशत और चावल के दाम 12.05 प्रतिशत बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि दूध, गेहूं और आटा भी काफी महंगे हो गए हैं। रमेश ने कहा, ''आम परिवार आखिर क्या करे? खाना बनाना चाहे तो गैस महंगी है, रोटी खाना चाहे तो दाल महंगी है, दाल बनाना चाहे तो खाना पकाने का तेल महंगा है और सब्जी बनाना चाहे तो प्याज महंगा है। यहां तक कि बच्चों के लिए दूध खरीदना भी महंगा हो गया है।'' 

उन्होंने कहा कि ईंधन, दवाइयों और शिक्षा पर बढ़ते खर्च ने भी परिवारों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रमेश ने आरोप लगाया कि इस स्थिति में महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है, क्योंकि घर का बजट संभालने के साथ-साथ राशन, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी खर्चों का प्रबंधन करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर होती है। उन्होंने सवाल किया, ''क्या यही मोदी सरकार का 'नारी वंदन' है, जहां महिलाओं के लिए अपना घर चलाना भी लगातार मुश्किल होता जा रहा है?'' रमेश ने कहा कि शादियों के मौजूदा मौसम में महंगाई ने उन परिवारों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, जो विवाह की तैयारियां कर रहे हैं। राशन, खाने-पीने की चीजों, कपड़ों और सजावट पर खर्च बढ़ रहा है। इसके कारण कुछ परिवारों को अपनी बचत खर्च करनी पड़ रही है और कर्ज लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ''मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण लाखों आम भारतीयों की थाली छोटी हो गई है, जेब खाली हो गई है और उन पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है।'' 

रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर महंगाई के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी परेशानियों के बावजूद प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को भी दावा किया था कि महंगाई के कारण पैदा हुई आर्थिक परेशानियों को लेकर ग्रामीण भारत में नाराजगी है। पार्टी ने कहा था कि आगामी चुनावों में भाजपा को भी झटका लग सकता है, जैसा कि उसे राजस्थान में हाल के पंचायत चुनावों में लगा था। कांग्रेस लगातार बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाने के साथ ही सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाती रही है। वहीं, सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों का हवाला दिया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!