EPFO में मिलेंगी बैंक जैसी सुविधाएं, UPI के जरिये पैसा निकालने, जमा करने की सहूलियत

Edited By Updated: 29 Nov, 2026 04:45 PM

epfo latest news

ईपीएफओ प्रमुख और केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने कहा है कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) अपने अंशधारकों को जल्दी ही पूरी तरह से बैंक जैसी सुविधा देने की तैयारी कर रहा है।

नई दिल्ली : ईपीएफओ प्रमुख और केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने कहा है कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) अपने अंशधारकों को जल्दी ही पूरी तरह से बैंक जैसी सुविधा देने की तैयारी कर रहा है। इसमें बैंक की तरह ब्याज तुरंत मिलने के साथ खाते में यूपीआई, डेबिट कार्ड से पैसा जमा करने और निकालने की सुविधा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यूपीआई के जरिये पैसा निकालने की सुविधा के लिए जरूरी तकनीकी परीक्षण पूरे हो चुके हैं और शुरू में 25,000 रुपये की निकासी सुविधा के साथ यह योजना कभी भी लागू की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि ईपीएफओ ने सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सुधारों के तहत इस महीने की शुरुआत में व्हाट्सऐप सेवा शुरू की है। व्हाट्सऐप के माध्यम से पीएफ जमा राशि, पासबुक देखने की सुविधा दी गई है। 

अंशधारकों को मिलने वाली सेवाओं में सुधार के बारे में कृष्णमूर्ति ने पीटीआई-भाषा से विशेष बातचीत में कहा, ''हमारा लक्ष्य अंशधारकों को बैंक जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। हमने अंशधारकों को उनके खाते तक आसान पहुंच के लिए एक नवंबर को व्हाट्सऐप सेवा शुरू की है। यह बताने में मुझे खुशी है कि तीन सप्ताह में ही करीब 1.25 करोड़ सदस्य इसका उपयोग करने लगे हैं।'' उन्होंने कहा, ''हम कुछ ही दिनों में ईपीएफओ 3.0 परियोजना शुरू करने वाले हैं। उसमें कोर बैंकिंग जैसी सुविधा होगी। जैसे बैंक में आपका खाता रहता है तो आपको सुविधा रहती है कि चाहे तो आप यूपीआई के जरिये लेन-देन करें या फिर कभी भी पैसा निकाले और आपको ब्याज भी तुरंत मिलता रहता है। इसी तरह की बैंक जैसी सुविधाएं अंशधारकों को देने की हमारी कोशिश है। हमारा इस सुविधा को एक साल के भीतर शुरू करने का लक्ष्य है।'' इस बारे में विस्तार से बताते हुए कृष्णमूर्ति ने कहा, ''आज के दिन जितने भी 'मेंबर लेजर' हैं, वह पूरा का पूरा कोर बैंकिंग में चला जाएगा। इसका मतलब है जो सॉफ्टवेयर है, उससे लेजर जुड़ा होगा... इससे खाता देखना पैसा जमा करना और निकालना आसान होगा।''

 उन्होंने कहा, ''सामाजिक सुरक्षा संहिता में असंगठित क्षेत्र (गिग कर्मचारी) में काम करने वाले कर्मचारियों को भी सामाजिक सुरक्षा योजना से जोड़ने का प्रावधान है। संगठित क्षेत्र में नियोक्ता काम करने वाले अपने कर्मचारियों का पैसा ईपीएफओ में जमा करते हैं। अब असंगठित क्षेत्र में कोई नियोक्ता तो होता नहीं है, तो उन्हें सामाजिक सुरक्षा में स्वयं ही योगदान देना होगा। जैसे कोई ड्राइवर है या घर में काम करने वाला व्यक्ति है, अगर वह या घर वाले, जहां वे काम करते हैं, पीएफ में पैसा जमा करना चाहे तो कैसे करेगा? इसके लिए यूपीआई या क्यूआर कोड आधारित या फिर क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड के जरिये भुगतान की सुविधा देने पर ईपीएफओ काम कर रहा है।'' उल्लेखनीय है कि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) ने इसी महीने यूएएन (सार्वभौमिक खाता संख्या) से जुड़ी स्वैच्छिक अंशदान व्यवस्था और तीसरे पक्ष के छोटे-छोटे अंशदान की सुविधा को भी मंजूरी दी। 

इसमें स्वैच्छिक अतिरिक्त भुगतान' जैसी राशि भी शामिल होगी। कृष्णमूर्ति ने कहा, '' जिस प्रकार बैंक में आप सोचते भी नहीं है कि हमको भुगतान करना हो, तो कैसे करना है। क्योंकि वहां पैसे लेन-देन के कई तरीके हैं। कोई नियोक्ता की जरूरत नहीं है, कोई रिटर्न फाइलिंग की जरूरत नहीं है। यही सुविधाएं अब ईपीएफओ 3.0 परियोजना के तहत कोर बैंकिग सॉल्यूशन में उपलब्ध होगी। यानी उसका जो पीएफ का खाता होगा जैसे आप बैंक का अपना खाता देखते हैं, वैसे उसका पीएफ का खाता भी देख सकेंगे।'' यूपीआई के जरिये पैसा निकालने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ''इस बारे में जरूरी तकनीकी परीक्षण पूरे हो गए हैं और यह योजना कभी भी लागू की जा सकती है।''

 इस बारे में विस्तार से बताते हुए कृष्णमूर्ति ने कहा, '' भीम यूपीआई में हमारे तीन हितधारक हैं.. एक ईपीएफओ, भारतीय स्टेट बैंक और एनपीसीआई। छोटे समूह में हमारा परीक्षण पूरा हो चुका है।'' भीम ऐप पर एक सरल 'क्लेम एप्लीकेशन'तैयार किया गया है। यहां आप देख पाएंगे कि इसमें कितनी जमा राशि है और उसमें से कितना निकाल सकेंगे। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ''वर्तमान में इसकी सीमा 25,000 रुपये होगी। साथ ही शुरू में एक दिन या सप्ताह में एक बार निकालने की सुविधा होगी। यह तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए होगा। इससे ज्यादा राशि निकालनी है तो आपको 'क्लेम फॉर्म' संख्या 31 भरना होगा।'' उन्होंने यह भी कहा कि ईपीएफओ अपनी क्षमता विस्तार के साथ अनुपालन पर भी जोर दे रहा है ताकि अगर किसी इकाई में काम करने वाले व्यक्ति का पैसा कटा है तो वह जमा भी हो। 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!