Edited By Punjab Kesari,Updated: 30 Aug, 2017 07:32 PM
सड़कों पर जलभराव ज्यादा होने की वजह से पैदल एलफिंस्टन रोड स्टेशन के नजदीक घर की ओर जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में वे लापता हो गए
मुंबईः देश की आर्थिक राजधानी में हुई भारी बारिश में बॉम्बे अस्पताल के जाने माने गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉक्टर दीपक अमरापुरकर गायब हो गए। सड़कों पर जलभराव ज्यादा होने की वजह से पैदल एलफिंस्टन रोड स्टेशन के नजदीक घर की ओर जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में वे लापता हो गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 58 वर्षीय अमरापुरकर मंगलवार शाम अपनी कार से घर के लिए निकले थे लेकिन सड़क पर पानी भरे होने के कारण उन्होंने अपने चालक से उन्हें एलफिंस्टन रोड स्टेशन के नजदीक छोड़ने को कहा। उतरने के बाद पैदल अपने आवास की ओर बढ़ने लगे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इसी बीच डॉक्टर गायब हो गए।
वहीं, दादर संभाग के सहायक पुलिस आयुक्त सुनील देशमुख के मुताबिक, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डॉ. अमरापुरकर एक मैनहोल में गिर गए और पुलिस ने उसके पास से उनका छाता भी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि उक्त मैनहोल को घेर लिया गया है और दमकल कर्मियों तथा वृहन्मुंबई नगर निगम के कर्मचारियों की मदद से तलाशी अभियान जारी है।
सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि डॉक्टर के लापता होने का एक मामला दर्ज किया गया है। बता दें, मंगलवार को दिनभर महानगर में मूसलाधार बारिश होती रही। इस दौरान 298 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी जो करीब 20 साल पहले इसी महीने में 1997 को हुई थी।