Edited By Rohini Oberoi,Updated: 07 Apr, 2026 02:22 PM

दहेज और धोखाधड़ी के मामलों में उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है। एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर न केवल बीमारी छिपाकर शादी करने बल्कि प्रताड़ना की इंतहा पार करते हुए 'किडनी' मांगने का गंभीर...
Harassment Case In Kanpur : दहेज और धोखाधड़ी के मामलों में उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है। एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर न केवल बीमारी छिपाकर शादी करने बल्कि प्रताड़ना की इंतहा पार करते हुए 'किडनी' मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शानदार शादी और फिर शुरू हुआ खौफनाक खेल
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 22 जून 2023 को लखनऊ के रहने वाले निशांत कुमार के साथ बड़े धूमधाम से हुई थी। लड़की पक्ष ने अपनी हैसियत के मुताबिक 8 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में जेवर दिए। उपहार में एक महिंद्रा थार SUV गाड़ी भी दी गई लेकिन ससुराल पहुंचते ही खुशियां मातम में बदलने लगीं।
कमरे में सास का पहरा और ससुर की संदिग्ध हरकतें
महिला ने अपनी आपबीती में ससुराल के माहौल को बेहद भयावह बताया है। पति उससे दूरी बनाकर रखता था और शारीरिक संबंध बनाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाता था। आरोप है कि अक्सर उसकी सास उन दोनों के बीच में सोती थी। वहीं ससुर बिना दरवाजा खटखटाए कमरे में घुस आते थे और पीड़िता की मर्जी के बिना उसकी तस्वीरें खींचते थे।विरोध करने पर पति ने साफ कह दिया कि वह किसी और से शादी कर ले। बाद में पता चला कि पति का पहले से ही किसी दूसरी महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
मेडिकल रिपोर्ट से खुला किडनी का काला सच
शादी के बाद महिला ने देखा कि उसका पति रोज करीब 10 गोलियां खाता है जिसे परिवार वाले 'हाई ब्लड प्रेशर' बताते थे लेकिन अप्रैल 2024 में एक मेडिकल फाइल ने सब कुछ साफ कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक नशे के कारण पति की दोनों किडनियां खराब हो चुकी थीं और उसका डायलिसिस चल रहा था।
यह भी पढ़ें: Raipur Gambling Arrests: रायपुर में जुआ खेलते दो लोग गिरफ्तार, 42 लाख की कुल संपत्ति जब्त
खौफनाक मांग
जब महिला ने इस धोखे पर सवाल उठाया तो ससुराल वालों ने बेशर्मी से कहा— "या तो मायके से 30 लाख रुपये लेकर आओ या फिर पति को अपनी एक किडनी दान करो।"
पुलिस की कार्रवाई
लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर महिला 11 अक्टूबर 2024 को अपना ससुराल छोड़कर कानपुर आ गई। उसके गहने और कीमती सामान ससुराल वालों ने हड़प लिए हैं। कानपुर के चकेरी थाना पुलिस ने पति निशांत कुमार और उसके परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी और क्रूरता (Section 498A, 420 आदि) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी अभिषेक पांडे ने पुष्टि की है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।