Edited By Sarita Thapa,Updated: 18 Nov, 2026 10:33 AM

महाराष्ट्र सरकार ने कम बारिश के कारण चार और तालुकाओं को सूखाग्रस्त घोषित किया है और इसके साथ ही राज्य के कुल 358 तालुका में से सूखाग्रस्त घोषित तालुकाओं की संख्या बढ़कर 308 हो गई है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की अध्यक्षता में मंगलवार को...
मुंबई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने कम बारिश के कारण चार और तालुकाओं को सूखाग्रस्त घोषित किया है और इसके साथ ही राज्य के कुल 358 तालुका में से सूखाग्रस्त घोषित तालुकाओं की संख्या बढ़कर 308 हो गई है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हुई राज्य मंत्रिमंडल की सूखा राहत उपसमिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। नए घोषित सूखाग्रस्त तालुकाओं में रत्नागिरि जिले का चिपलून, नासिक का दिंडोरी और पालघर जिले के वाडा तथा विक्रमगढ़ शामिल हैं।
बावनकुले ने पालक सचिवों को अगले महीने होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले सभी जिलों का दौरा कर स्थिति का आकलन करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कोल्हापुर जिले के हातकणंगले, गडहिंग्लज, कागल और करवीर समेत अन्य तालुकाओं का व्यापक सर्वेक्षण करने और अगली बैठक में रिपोर्ट सौंपने को भी कहा, जहां सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग उठ रही है। बावनकुले ने कहा कि पालक सचिव सूखे से संबंधित सभी निर्धारित मानकों के आधार पर स्थिति का आकलन करेंगे और मुख्य सचिव को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।
उन्होंने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए 10 उपाय का खाका तैयार करने वाला सरकारी आदेश अगले एक-दो दिनों में जारी किया जाएगा। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि वित्त विभाग ने 13 तालुका में जल जीवन मिशन के तहत 212 परियोजना के लिए 83.18 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से संबंधित गांवों में पानी के टैंकरों की जरूरत कम होने की उम्मीद है।