'सभ्यताओं के संवाद ने दुनिया के विचार बदले', SCO मंच से बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Edited By Updated: 20 Nov, 2026 08:27 PM

prime minister narendra modi spoke from sco forum

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग विभिन्न देशों के बीच संबंधों को मजबूत करेगा तथा 21वीं सदी की प्रौद्योगिकी ने सांस्कृतिक जुड़ाव के लिए नयी संभावनाएं पैदा की हैं। मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक...

नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग विभिन्न देशों के बीच संबंधों को मजबूत करेगा तथा 21वीं सदी की प्रौद्योगिकी ने सांस्कृतिक जुड़ाव के लिए नयी संभावनाएं पैदा की हैं। मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में पहले शंघाई सहयोग संगठन सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारत के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागारों में हजारों साल की अमूल्य विरासत संरक्षित है और प्रौद्योगिकी की मदद से इस विरासत को नयी पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है। 

प्रधानमंत्री ने कहा, "हाल के वर्षों में एससीओ ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और संपर्क के क्षेत्र में सहयोग काफी बढ़ाया है। ऐसे में सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग विभिन्न देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा।" उन्होंने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि इस मंच से नये विचार सामने आएंगे, सांस्कृतिक सहयोग के नये अवसर पैदा होंगे और हमारे साझा सभ्यतागत अनुभव दुनिया को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाएंगे।"

मोदी ने कहा कि साम्राज्यों ने बेशक दुनिया के नक्शे बदले हैं, लेकिन सभ्यताओं के बीच संवाद ने दुनिया के विचारों को बदला है और उन्हें समृद्ध किया है। उन्होंने कहा, "इसलिए एससीओ सभ्यतागत शिखर सम्मेलन केवल एक औपचारिक मंच नहीं है, बल्कि यह दुनिया को दिशा देने वाला मंच बन सकता है।" मोदी ने कहा कि 21वीं सदी की प्रौद्योगिकी ने दुनिया में सांस्कृतिक जुड़ाव के लिए नयी संभावनाएं पैदा की हैं। उन्होंने कहा, "जिन देशों तक पहुंचने के लिए कभी हमारे पूर्वजों को महीनों सफर करना पड़ता था, उन्हीं देशों के लोग अब कुछ ही सेकंड में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं।

डिजिटल मंच ने ज्ञान बांटने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है।" मोदी ने कहा, "एससीओ के देशों को इन नयी संभावनाओं का भरपूर लाभ उठाना चाहिए।" भारत ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में इस तीन दिवसीय मंच का आयोजन कर रहा है। इसमें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक शामिल हैं।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय पुराना किला परिसर में तीन दिवसीय सभ्यतागत संवाद मंच की मेजबानी कर रहे हैं। एससीओ की स्थापना 2001 में शंघाई में हुए एक शिखर सम्मेलन में रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने की थी। 2017 में भारत और पाकिस्तान एससीओ के स्थायी सदस्य बने। 2023 में ईरान इस समूह में शामिल हुआ। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!