Edited By Rohini Oberoi,Updated: 02 Jun, 2026 02:03 PM

राजस्थान के अलवर जिले में सोमवार रात को हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया है। पिछले कई दिनों से पड़ रही झुलसाने वाली भीषण गर्मी से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक सोमवार रात को हुई इस जोरदार बरसात के...
Alwar Rain Weather Forecast : राजस्थान के अलवर जिले में सोमवार रात को हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया है। पिछले कई दिनों से पड़ रही झुलसाने वाली भीषण गर्मी से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक सोमवार रात को हुई इस जोरदार बरसात के बाद आज सुबह के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। सुबह का पारा लुढ़ककर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो कि महज चार दिन पहले तक 35 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर बना हुआ था।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के मुकुंदपुर में संदिग्ध सिलेंडर ब्लास्ट से ढही इमारत, 3 लोगों को मलबे से निकाला, 1 अब भी फंसा
स्थानीय निवासियों के अनुसार सोमवार रात करीब 11 बजे अचानक बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। कुछ ही देर की मूसलाधार बारिश से शहर के कई निचले इलाकों और मुख्य सड़कों पर पानी जमा हो गया। राहत की इस बारिश के साथ ही शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल हो गई। तेज हवाओं और एहतियात के तौर पर काटी गई बिजली के कारण लोगों को रात के समय काफी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा।

वहीं रात में हुई तेज बारिश के कारण जलभराव (Waterlogging) की स्थिति बन गई जिससे शहर के प्रमुख मार्गों पर देर रात यातायात प्रभावित हुआ। कई जगहों पर नालियों की सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा जिसने सुबह राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों की परेशानी को थोड़ा बढ़ा दिया।

किसानों के खिले चेहरे
इस बारिश का सबसे सकारात्मक असर कृषि क्षेत्र पर देखने को मिला है। स्थानीय किसानों ने इस प्री-मानसून बारिश को आगामी फसलों के लिए बेहद फायदेमंद और अमृत समान बताया है। इस बारिश के बाद अब खेतों में कृषि कार्यों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जिले में आने वाले कुछ दिनों तक ऐसा ही सुहाना मौसम बना रहेगा और गरज-चमक के साथ और बौछारें पड़ सकती हैं। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने आम जनता से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।