Edited By Tanuja,Updated: 21 Jul, 2026 04:25 PM

ईरान की ओर से दागे गए पांच ड्रोन जॉर्डन ने मार गिराए, जबकि नए मिसाइल हमले के बाद बहरीन में चेतावनी सायरन बज उठे। अमेरिका-ईरान संघर्ष लगातार दस दिनों से जारी है। होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव और ऊर्जा आपूर्ति पर खतरे के बीच पाकिस्तान कूटनीतिक...
International Desk: मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को ईरान की ओर से दागे गए ड्रोन जॉर्डन की ओर बढ़े, जिन्हें जॉर्डन की सेना ने रास्ते में ही मार गिराने का दावा किया। वहीं, ईरान के नए मिसाइल हमले के बाद पड़ोसी देश बहरीन में मिसाइल हमले की चेतावनी वाले सायरन बज उठे, जिससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई। सरकारी समाचार एजेंसी पेट्रा के अनुसार, जॉर्डन की सेना ने ईरान की ओर से आए पांच ड्रोन को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। सेना ने बताया कि इस कार्रवाई में किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ और सभी ड्रोन आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंचने से पहले ही मार गिराए गए।
जॉर्डन में अमेरिका के सैन्य ठिकाने और लड़ाकू विमान तैनात हैं। अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम समझौता टूटने तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़े तनाव के बाद जॉर्डन भी इस संघर्ष के प्रभाव वाले देशों में शामिल हो गया है। ईरान के ताजा मिसाइल हमले के बाद बहरीन में मिसाइल हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाए गए। हालांकि, तत्काल किसी बड़े नुकसान या हताहत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अमेरिका और ईरान के बीच पिछले 10 दिनों से लगातार सैन्य कार्रवाई जारी है। दोनों देशों के बीच पहले हुआ अंतरिम समझौता विफल हो चुका है। इसी बीच ईरान के गृह मंत्री पाकिस्तान पहुंचे हैं, जहां मध्यस्थों के जरिए तनाव कम करने की संभावनाओं पर बातचीत चल रही है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में से एक है। युद्ध से पहले वैश्विक कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की लगभग 20 प्रतिशत आपूर्ति इसी रास्ते से होती थी। लगातार बढ़ते संघर्ष के कारण इस क्षेत्र की सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ गई है।