Edited By Parveen Kumar,Updated: 03 Aug, 2026 05:26 PM

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत 6 अगस्त को मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में जेनरेशन Z और जेनरेशन अल्फा के छात्रों को संबोधित करेंगे।
नेशनल डेस्क : राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में हुए विरोध-प्रदर्शन के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के कुछ दिन बाद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत छह अगस्त को मुंबई में 'जेन अल्फा' और 'जेन जेड' छात्रों से संवाद करेंगे।
भागवत, नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (एनएमएसीसी) में 'इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस' (आईआईयूएमएन) की वार्षिक चैंपियनशिप कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन समारोह को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम संगठन की 15वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देशभर के 100 से अधिक शहरों से 15 से 19 साल की आयु के 2,000 से अधिक छात्र शामिल होंगे।
'जेन अल्फा' 2010 से 2024 के बीच जन्मे बच्चे हैं, जबकि 'जेन जेड' से अभिप्राय 1997 से 2012 के बीच जन्मी पीढ़ी से है। संघ प्रमुख के संबोधन से आईआईयूएमएन के वार्षिक चैंपियनशिप कॉन्फ्रेंस की शुरुआत होगी, जिसमें छात्र स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उद्घाटन समारोह 'दुनिया को जोड़ने में युवाओं की भूमिका: भारतीय तरीका' विषय पर आधारित होगा। प्रधान ने 25 जुलाई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।