Edited By Yaspal,Updated: 07 May, 2019 08:57 PM
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना दुर्योधन से किए जाने को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर पलटवार करते हुए कहा कि अब यह तो 23 मई को पता चल जाएगा...
विष्णुपुरः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना दुर्योधन से किए जाने को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर पलटवार करते हुए कहा कि अब यह तो 23 मई को पता चल जाएगा कि कौन दुर्योधन है और कौन अर्जुन है।
कांग्रेस देश को बताए
शाह ने यहां एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘प्रियंका ने प्रधानमंत्री मोदी की तुलना दुर्योधन से की है। प्रियंका जी, लोकतंत्र में किसी के बोलने मात्र से कोई दुर्योधन नहीं हो जाता। हमें 23 मई को पता चल जाएगा कौन दुर्योधन है और कौन अर्जुन है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी ने कहा कि बोफोर्स घोटाला राजीव गांधी के समय में हुआ था तो इसमें गलत क्या था। राहुल गांधी को देश को बताना चाहिए कि उनके पिता की सरकार में बोफोर्स घोटाला हुआ था या नहीं? भोपाल गैस त्रासदी हुई थी या नहीं? क्या कश्मीरी पंडितों पर अत्याचार हुए कि नहीं। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या सच याद दिलाना अपमान है।''
उल्लेखनीय है कि हरियाणा के अंबाला में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए सुश्री वाड्रा ने कहा था कि दुर्योधन को अपने ऊपर बहुत घमंड था और यही घमंड उसकी हार का कारण बना था।
शाह ने ममता पर भी साधा निशाना
शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह राज्य के लोगों को जय श्री राम के नारे नहीं लगाने दे रही है। उन्होंने कहा कि अगर राम के नारे भारत में नहीं लगेंगे तो क्या पाकिस्तान में लगेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘भगवान राम देश की संस्कृति का हिस्सा हैं। क्या कोई उनका नाम लेने से रोक सकता है। आप श्री राम का नारा लगाना चाहते हो या नहीं। मैं चाहता हूं कि ममता सुन लें , यह बंगाल है पाकिस्तान नहीं। मैं उन्हें चुनौती देता हूं हिम्मत है तो मुझे गिरफ्तार करके दिखाएं।''
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ममता दीदी , आपकी सरकार 23 मई के बाद खत्म हो जाएगी। मैं आपके सामने जय श्री राम का नारा लगाता हूं। आपमें हिम्मत है तो मुझे गिरफ्तार करके दिखाओ।'' उन्होंने जनता से आह्वान किया कि उन्हें अब गुंडो से डरने की जरुरत नहीं है। चुनाव आयोग ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को तैनात कर दिया है।