Edited By Vatika,Updated: 16 Feb, 2026 10:17 AM

महानगर में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर रूह कांप जाएगी।
लुधियाना(राज): महानगर में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर रूह कांप जाएगी। एक कलयुगी मां ने अपनी कोख से जन्मी फूल जैसी मासूम बच्ची का सौदा महज कुछ रुपयों की खातिर कर दिया। पुलिस ने इस घिनौने रैकट का पर्दाफाश करते हुए एक महिला डॉक्टर सहित पांच आरोपियों को मौके से दबोच लिया है। यह पूरा खेल अरोड़ा नर्सिंग होम से शुरू हुआ। जहां महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया था। इस मामले में थाना डिविजन नंबर 3 की पुलिस ने मां सुनीता रानी, बच्चा खरीदने वाले और डॉक्टर सहित आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर, पांच को काबू कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, थानेदार गुरमेल सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ 15 फरवरी को इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान एक खास मुखबिर ने सूचना दी कि अरोड़ा नर्सिंग होम (बाबा थान सिंह चौक) में 14 फरवरी को सुनीता देवी नामक महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया था। यह मां ममता को दरकिनार कर अपनी नवजात बेटी को बेचने की फिराक में थी। पुलिस को खबर मिली कि बच्ची का सौदा 2 लाख 10 हजार रुपये में तय हो चुका है और आरोपी नीली झंडा रोड स्थित पार्क के पास डील फाइनल करने के लिए इकट्ठे हुए हैं।
पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पार्क में रेड की, जहां बच्ची को बेचने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने मौके से बच्ची की मां सुनीता देवी, प्रवीण, बी.ए.एम.एस. डॉक्टर मनमीत कौर, रुची और खरीदार मनदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से इस नवजात जान का सौदा किया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब इस बात की जांच की जा रही है कि क्या इस गिरोह ने पहले भी किसी बच्चे का सौदा किया है या इस नेटवर्क में और भी बड़े नाम शामिल हैं। फिलहाल मासूम बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया गया है।