राजस्थान जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, 24 सीटों पर जीत; BJP सिर्फ 10 पर सिमटी

Edited By Updated: 25 Nov, 2026 09:28 PM

congress dominates rajasthan zila parishad elections

राजस्थान ने पंचायत राज चुनाव में अपनी जीत को और मजबूत करते हुए बुधवार को 24 जिलों में अपने जिला प्रमुख बना लिए। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी केवल 10 जिला प्रमुख बनाने में सफल रही।

जयपुरः राजस्थान ने पंचायत राज चुनाव में अपनी जीत को और मजबूत करते हुए बुधवार को 24 जिलों में अपने जिला प्रमुख बना लिए। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी केवल 10 जिला प्रमुख बनाने में सफल रही। राज्य के 41 में से 37 जिलों में जिला (परिषद) प्रमुख का चुनाव बुधवार को हुआ। जिला परिषद के निर्वाचित सदस्यों ने इसमें भाग लिया। कांग्रेस ने कुल पदों में से दो-तिहाई पर कब्जा जमाया। 

भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने भी जिला प्रमुख के दो पदों पर जीत दर्ज की। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को जिला प्रमुख का एक पद मिला। जिला परिषद, त्रि-स्तरीय पंचायती राज व्यवस्था का जिला-स्तरीय निकाय है। इसके सदस्य जिले भर के वार्ड से मतदाताओं द्वारा सीधे चुने जाते हैं। चुनाव नतीजे पिछले शुक्रवार को घोषित किए गए थे। चुने गए सदस्य जिला (परिषद) प्रमुख चुनते हैं। 

जिला प्रमुख चुनावों में चूरू में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस जिला प्रमुख का पद हासिल नहीं कर सकी। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की बहू, कनिका सिंह जिला प्रमुख चुनी गईं। इसी तरह, बीकानेर के जिला प्रमुख पद चुनाव पर भी लोगों की नजर थी जहां कांग्रेस विधायक की बहू निकिता डूडी ने जीत दर्ज की। ब्यावर में भाजपा की उम्मीदवार निर्मला देवी को एक वोट से हार का सामना करना पड़ा, जबकि उनकी पार्टी के पास बहुमत था। वहां कांग्रेस उम्मीदवार ममता गुर्जर ने चुनाव जीता।

जैसलमेर में 21 वर्षीय संतोष कुमारी जिला प्रमुख चुनी गईं। बताया जा रहा है कि वह राजस्थान में इस पद पर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की उम्मीदवार हैं। दौसा में विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा ने भी जीत हासिल की।  राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार, कांग्रेस ने अलवर, बाड़मेर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जालौर, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटपूतली-बहरोड़, फलोदी, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सलूंबर, सीकर, सिरोही और टोंक में जिला प्रमुख का पद जीता।

भाजपा ने अजमेर, बालोतरा, चूरू, डीग, डीडवाना-कुचामन, झालावाड़, खैरथल-तिजारा, पाली, प्रतापगढ़ और उदयपुर में जिला प्रमुख के पद हासिल किए। बीएपी ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर जैसे आदिवासी जिलों में जीत हासिल की जबकि आरएलपी ने नागौर में जीत दर्ज की। दौसा, जैसलमेर और सवाई माधोपुर में कांग्रेस के तीन उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। इस चुनाव में राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जिलों में से एक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गृह जिला भरतपुर था। भरतपुर में कांग्रेस की उम्मीदवार रेनू वाला को 17 जबकि भाजपा की पूजा जाटव को 14 वोट मिले।

इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि वह पैसे, डराने-धमकाने और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के जरिए भरतपुर जिला परिषद को कब्जाने की कोशिश कर रही है। ये आरोप भाजपा की उस कथित कोशिश को लेकर लगाए गए जिसमें उसने कांग्रेस के निर्वाचित सदस्य अधिक होने के बावजूद अपना बोर्ड बनाने का प्रयास किया। बीकानेर में, कांग्रेस उम्मीदवार निकिता डूडी ने पार्टी की बागी सरिता चौहान को 23 के मुकाबले 18 वोटों से हराया। सरिता पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल की बेटी हैं।  बीकानेर में कांग्रेस ने जिला परिषद के 41 वार्डों में से 30 पर जीत हासिल की थी लेकिन सरिता चौहान के निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरने से पार्टी के सामने चुनौती खड़ी हो गई थी। 

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार पिछले शुक्रवार को राजस्थान में पंचायत समिति और जिला परिषद के सदस्य के चुनावों में विपक्षी कांग्रेस ने सत्ताधारी भाजपा पर बड़ी जीत दर्ज की। कांग्रेस ने पंचायत समिति की 3,701 सीटें जबकि भाजपा ने 2,181 सीटें जीतीं और कांग्रेस ने जिला परिषद की 599 सीटें जबकि भाजपा ने 301 सीटें हासिल कीं। ये नतीजे ऐसे समय में आए हैं जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को दिसंबर में सत्ता में तीन साल पूरे होने वाले हैं। इन परिणाम को सत्ताधारी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पिछले शुक्रवार को, राज्य के 41 में से 37 जिलों में पंचायत समिति की 7,543 सीटों और जिला परिषद की 1,275 सीटों के लिए वोटों की गिनती हुई।

राज्य के कोटा, बारां, करौली और श्री गंगानगर - जिलों में वोटों की गिनती 17 दिसंबर तक के लिए टाल दी गई है क्योंकि मौजूदा जिला परिषदों और पंचायत समितियों का पांच साल का कार्यकाल अगले महीने खत्म हो रहा है। नतीजों पर प्रतिक्रिया जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि ग्रामीण जनता ने भाजपा सरकार के ''कुशासन'' के विरोध में कांग्रेस पर भरोसा जताया है। कांग्रेस के सभी नवनिर्वाचित जिला प्रमुखों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, ''ग्रामीण जनता ने भाजपा सरकार के कुशासन के विरोध में जो भरोसा जताया है, उसे सेवा भाव से निभाना आपकी सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप गांव, किसान और पशुपालक की आवाज़ बनेंगे।''

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने नतीजे आने के बाद कहा, ''भाजपा के कुएं में पानी खत्म हो गया है अब केवल कीचड़ बची है, राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी नाम मात्र की बची है जनता ने उसे पूरी तरह से नकार दिया है।'' उन्होंने कहा, ''37 जिलों के परिणामों में कांग्रेस पार्टी को 43.40 प्रतिशत मत मिले जबकि भाजपा को 37.79 प्रतिशत ही मत मिले हैं। कांग्रेस पार्टी इन चुनावों में भाजपा के मुकाबले 14 लाख से अधिक वोटों से आगे है और मत प्रतिशत 5.60 प्रतिशत आगे है।'' सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करती है।

उन्होंने एक बयान में कहा, ''लोकतंत्र में जनता सर्वोपरी है, भाजपा लोकतंत्र में विश्वास करती है, इसलिए जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करती है।'' राठौड़ ने कहा कि आगामी दो वर्षों में और अधिक गति से राजस्थान की सेवा की जाएगी और 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर से सरकार बनाएगी। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!