Edited By ,Updated: 17 Mar, 2016 08:40 PM
भारत में स्विट्जरलैंड के राजदूत डाक्टर लाइनस वॉन कैसलमूर ने आज कहा कि उनकी सरकार स्विस बैंकों ...
नई दिल्ली: भारत में स्विट्जरलैंड के राजदूत डाक्टर लाइनस वॉन कैसलमूर ने आज कहा कि उनकी सरकार स्विस बैंकों में भारतीयों के गुप्त खातों के बारे में भारत सरकार को और जानकारी उपलब्ध कराएगी। कैसलमूर ने आज यहां एक कार्यक्रम में कहा कि इस बारे में भारतीय अधिकारियों को पहले भी काफी जानकारी दी जा चुकी है और इस तरह की सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए बाकायदा कानून भी मौजूद है।
उन्होंने कहा कि इस दिशा में और प्रयास किए जा रहे हैं और इसके लिए स्विट्जरलैंड की सरकार भारत के साथ पूरा सहयोग कर रही है। स्विट्जरलैंड के राजदूत ने भारत के साथ रिश्ते और मजबूत बनाने के लिए दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौता वार्ता फिर शुरू करने पर बल देते हुए कहा कि इसके रास्ते में बौद्धिक संपदा अधिकार का मुद्दा अहम है इसे आम सहमित से सुलझा लिया जाएगा।
मेक इन इंडिया पहल पर कैसलमूर ने कहा कि स्विट्जरलैंड कारोबारी शर्तो के मामले में बहुत ही उदार हैं और भारत को विनिर्माण के एक बडे केन्द्र के रूप में उभरने में हर संभव मदद देने के लिए तैयार है। इसके लिए उनका देश हर तरह की तकनीकी मदद भारत को देगा।