Edited By Punjab Kesari,Updated: 10 Jun, 2017 07:37 PM
सोशल मीडिया के बढ़ते चलन के साथ-साथ कई परेशानियां भी बढ़ गई हैं। कई बार ऑनलाइन मीडिया में अपशब्दों का सामना भी करना पड़ता है।
नई दिल्ली: सोशल मीडिया के बढ़ते चलन के साथ-साथ कई परेशानियां भी बढ़ गई हैं। कई बार ऑनलाइन मीडिया में अपशब्दों का सामना भी करना पड़ता है। अब इसी परेशानी से निजात पाने के लिए वियतनाम की सरकार एक कड़ा कदम उठाने जा रही है। वियतनाम के अधिकारियों ने ये जानकारी दी कि, उनकी सरकार उन सोशल मीडिया यूजर्स पर जुर्माना लगाएगी जो किसी व्यक्ति विशेष या किसी संस्था के लिए अपशब्द का प्रयोग करेंगे।
गाली देने पर लगेगा जुर्माना
रिपोर्ट के मुताबिक मिनिस्ट्री ऑफ इंफॉर्मेशन एंड कम्यूनिकेशन ने एक फरमान जारी किया जिसमें बताया गया कि कोई भी इंटरनेट यूजर यदि गलत सूचना उपलब्ध कराता है या किसी संस्था की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाता है या किसी व्यक्ति के सम्मान और गरिमा को कम करने वाली बातें करता है तो उसे जुर्माना देना होगा। ये जुर्माना उन लोगों को देना होगा जो किसी व्यक्ति या संस्था की गुप्त बातें बिना उनकी इजाजत के लीक करेंगे या अश्लील बातें करेंगे या किसी मानव की हत्या या किसी दुर्घटना की जानकारी को विस्तार से देंगे या अंधविश्वास या जानकारी का प्रसार करेंगे जो कि वियतनाम के रीति-रिवाजों और परंपराओं के लिए अनुचित माना जाता है।
इसके अलावा फर्जी अकाउंट बनाने वालों पर भी गाज गिरेगी। वियतनाम के नए फरमान के मुताबिक, यदि कोई यूजर दूसरे यूजर की निजी जानकारी या उसकी तस्वीर का उपयोग अपना अकाउंट बनाने के लिए करता है तो उसे भी 10-20 मिलियन वियतनामी डोंग का फाइन देना होगा।