Edited By ,Updated: 21 Oct, 2016 07:03 PM
बिहार के गया के चर्चित रोडरेज मामले में आदित्य सचदेवा की हत्या का मुख्य आरोपी रॉकी यादव शुक्रवार को जमानत पर रिहा...
पटना: बिहार के गया के चर्चित रोडरेज मामले में आदित्य सचदेवा की हत्या का मुख्य आरोपी रॉकी यादव शुक्रवार को जमानत पर रिहा हो गया। रिहाई के बाद रॉकी यादव के समर्थकों ने पत्रकारों के साथ धक्का मुक्की करने के साथ-साथ बदसलूकी की। पटना हाइकोर्ट से जमानत पर रिहाई के समय रॉकी यादव को समर्थकों का बाहर तांता लगा हुआ था।
जनता दल युनाइटेड (जेडीयू) से निलंबित एमएलसी मनोरमा देवी और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के बाहुबली नेता बिंदी यादव के बेटे रॉकी यादव को मिली जमानत से छात्र आदित्य सचदेवा के परिजन निराश हैं। बता दें कि मई महीने में ओवरटेक करने को लेकर लैंड रोवर डिस्कवरी में सवार रॉकी यादव ने स्विफ्ट कार में सवार आदित्य सचदेवा को गोली मार दी थी। इस मामले में पुलिस ने रॉकी यादव के पिता बिंदी यादव और उसके अंगरक्षक को भी गिरफ्तार किया था। इस मामले को लेकर कई दिनों तक बिहार की सियासत भी गरमा गई थी।